Site icon Buziness Bytes Hindi

Meerut News: हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज से मेरठ के वकीलों में उबाल, सड़क जाम और हंगामा

up police

Meerut News: आज हापुड में पुलिस ने वकीलों पर लाठी चार्ज किया। इससे मेरठ सहित पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में उबाल है। पश्चिम यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर में अधिवक्ताओं ने कार्य का बहिष्कार किया और सड़कों पर जाम लगाया। इस दौरान जाम लगा रहे अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच हाथापाई हुई। हापुड में हुई घटना के बाद से पूरे यूपी के जिलों में वकीलों में आक्रोश है। मेरठ में वकीलों ने कचहरी के बाहर सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया।

अधिवक्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर रास्ता खुलवाया

हापुड़ में आज पुलिस ने जाम लगा रहे अधिवक्ताओं पर लाठियां फटकारी। जिसमें कई अधिवक्ता को चोटें आई हैं। अधिवक्ताओं की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। हापुड में जाम लगा रहे अधिवक्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर रास्ता खुलवाया। हापुड़ बार एसोसिएशन के सदस्यों ने महिला अधिवक्ता एवं उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए आज मंगलवार को कचहरी में न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। इस दौरान अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए तहसील चौपले पर पहुंचे और जाम लगा दिया।

अधिवक्ताओं की मांग थी कि महिला अधिवक्ता पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाए। वकीलों द्वारा तहसील चौराहा जाम करने पर पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच नोकझोंक हुई। अधिवक्ताओं ने पुलिस के साथ खींचतान करनी शुरु की तो पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस के लाठी चार्ज से चौराहे पर भगदड़ मच गई। पुलिस की लाठी चार्ज में कई अधिवक्ताओं को चोटें आई हैं। बता दें तीन दिन पहले महिला अधिवक्ता और सिपाही के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने महिला अधिवक्ता और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया था।

पुलिस के लाठी चार्ज से भगदड़ मच गई

इसके विरोध में मंगलवार को अधिवक्ता हापुड पुलिस के खिलाफ एकजुट हुए और चौराहे पर जाम लगाया। पुलिस के लाठी चार्ज से तहसील चौपला, फ्रीगंज रोड पर भगदड़ मच गई। वहीं हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज की खबर से मेरठ सहित पश्चिम यूपी के अन्य जिलों में अधिवक्ताओं ने हंगामा और प्रदर्शन किया। मेरठ में वकीलों जमकर हंगामा किया और कचहरी के बाहर हनुमान मंदिर के सामने रोड जाम कर दिया। वकीलों के लगाए जाम को खुलवाने के लिए सीओ सिविल लाइन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ धक्का मुक्की हुई।

Exit mobile version