हरिद्वार। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज बुधवार को कांवड़ मेले की व्यवस्थाएं देखने हरिद्वार पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ओमपुल गंगा घाट पर कांवड़ियों के स्वागत कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के निरीक्षण से पहले जिलाधिकारी ने तैयारियों का जायजा लिया था और अधीनस्थों को जरूरी दिशा—निर्देश जारी किए थे। डीएम हरिद्वार विनय शंकर पांडेय ने डामकोठी के पास गंगा घाट पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान कहा कि कांवड़ मेला दो चरणों में होता है। पहले चरण में यात्रा धीमी रहती है। पंचक समाप्त होने के बाद डाक कांवड़ शुरू हो जाएगी। जिसमें ज्यादा संख्या में कांवड़ियां आते हैं।
हरिद्वार आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल की सुविधा,स्वच्छ पेयजल के अलावा कांवड़ पटरी पर पथ प्रकाश की व्यवस्था,कांवड़ मार्ग दुरुस्त करने और शौचालयों की पूरी व्यवस्थाएं की हैं। वहीं कनखल स्थित बैरागी कैंप में अब कांवड़ियों का आना शुरू हो चुका है। शिवभक्त कांवड़ियों के लिए बैरागी में खानपान से लेकर अन्य कई प्रकार की दुकानें सजी हैं। मंगलवार से डाक कांवड़ियों के वाहन पहुंचने शुरू हो चुके हैं। जगजीतपुर से मातृसदन के रास्ते वाहनों को बैरागी कैंप में भेजा जा रहा है।
पांच दिन बैरागी कैंप डाक कांवड़ियों से गुलजार रहेगा। इसके अलावा रोड़ीबेलवाला, पंतदीप और चमगादड़ टापू के बाजारों में शिवभक्तों की संख्या कम दिख रही है। बैरागी क्षेत्र में अत्यधिक कांवड़िए नजर आ रहे हैं। बैरागी इलाके में ही डाक कांवड़ियों के वाहनों को रोका जा रहा है। इसके बाद डाक कांवड़िए पैदल ही हरकी पैड़ी तक गंगाजल भरने पहुंच रहे हैं। जगजीतपुर पुलिस चौकी से आगे बने रास्ते से मातृसदन की तरफ डाक कांवड़ियों के वाहनों को भेजा रहा था। बुधवार की सुबह से इनकी संख्या में अधिक इजाफा होने की संभावना के बीच इनको अब बाहर ही रोका जाएगा। कांवड़ मेले नोडल अधिकारी एवं एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि डाक कांवड़ को लेकर पुलिस ने सभी तैयारियां की हुई हैं।

