Site icon Buziness Bytes Hindi

राजकीय सम्मान के साथ दी मोर को अंतिम विदाई


राजकीय सम्मान के साथ दी मोर को अंतिम विदाई

आगरा। शहीदों के शव को तिरंगे में लपेट कर सम्मान दिया जाता है। मगर उत्तर प्रदेश के आगरा में मोर की करंट लगने से हुई मौत के बाद उसके शव को भी राष्ट्रीय ध्वज में लपेट कर अंतिम विदाई दी गयी। मोर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई किये जाने पर लोग अचंभित हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मोर राष्ट्रीय पक्षी है इसलिये मोर के शव को राजकीय सम्मान के अनुसार अंतिम विदाई दी गई हैै।

आगरा के कैंट रेलवे स्टेशन पर ओवर हेड वायर की चपेट में आ जाने से एक मोर की मौके पर ही मौत हो गयी थी। जीआरपी को मोर का शव पटरी के किनारे पड़े होने की सूचना मिली। जीआरपी के जवान मोर के शव को तिरंगे पर लपेटकर स्ट्रैचर पर लिटा पूूरे सम्मान के साथ जीआरपी थाने ले गये। थाने के अंदर भी राष्ट्रीय पक्षी मोर के शव को पूरा सम्मान दिया गया और जीआरपी के जवान सम्मान में मोर के शव के पास खड़े रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भी राष्ट्रीय पक्षी को सम्मान देते हुए पूर्ण सावधानी और सम्मानित तरीके से उसका शव उठाया।

राष्ट्रीय पक्षी मोर को दिये गये राजकीय सम्मान और अंतिम विदाई की चर्चाएं पूरे जिले में हैं। लोग जीआरपी द्वारा मोर के शव को राजकीय सम्मान दिये जाने की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इससे और लोगों को भी राष्ट्रीय पक्षी मोर का सम्मान करने की प्रेरणा मिलेगी।

Exit mobile version