- एसआईटी को सौंपी जा रही लखीमपुर खीरी हिंसा की जांच
- सीएम आवास पर उच्चस्तरीय बैठक जारी
लखनऊ। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 24 लोगों की शिनाख्त कर ली है। वहीं पुलिस सात आरोपियो को हिरासत में ले चुकी है। अब इस मामले में एसआईटी जांच करेगी। वहीं प्रदेश की राजनीति में भूचाल लाने वाले लखीमपुर प्रकरण को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ बैठक ले रहे हैं।
Read also: लखीमपुर खीरी बना योगी सरकार के लिये संकट
लखीमपुर खीरी हिंसा में अब तक नौ लोगों की मौत होने की बात सामने आयी है। इस प्रकरण को लेकर सपा, कांग्रेस, बसपा, रालोद से लेकर आप और भीम आदमी पार्टी तक राज्य सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। प्रदेश की राजनीति में आये भूचाल से योगी सरकार संकट में आ चुकी है। हालांकि सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया है। मगर बैकफुट पर आयी प्रदेश सरकार को मैदान से बाहर करने के लिये विपक्षी राजनीतिक दल दबाव बनाने का पूर्ण प्रयास कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी हिंसा में अब तक 24 आरोपियों की शिनाख्त कर पुलिस सात आरोपियो को हिरासत में ले चुकी है। पुलिस ने राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा समेत 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है। लगातार दबिशे देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास भी पुलिस कर रही है। वहीं इस मामले की जांच अब एसआईटी को सौंपी जा रही है।
Read also: लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया
वहीं यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस प्रकरण में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री आवास पर हो रही इस बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। इस बैठक में लखीमपुर खीरी प्रकरण को शांत करने के लिये विचार-विमर्श किया जा रहा है।

