Site icon Buziness Bytes Hindi

काइल जैमिसन ने देर रात उठकर देखा आईपीएल ऑक्शन


काइल जैमिसन ने देर रात उठकर देखा आईपीएल ऑक्शन

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के लिये चेन्नई में आयोजित की गई खिलाड़ियों की नीलामी के साथ ही दुनिया के सबसे मशहूर इस टी20 लीग टूर्नामेंट की तैयारियों का पहला चरण भी समाप्त हो गया है। आईपीएल 2021 के लिये हुई इस नीलामी के दौरान तेज गेंदबाजों पर जमकर पैसों की बरसात देखने को मिली, जिसमें क्रिस मॉरिस को 16.25 करोड़ रुपये मिले, तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया के झाई रिचर्डसन को भी 14 करोड़ रुपये की रकम मिली। इस दौरान जिस नाम ने सबसे ज्यादा चौंकाने का काम किया वो था न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमिसन का जिन्होंने पिछले एक साल में कीवी टीम के लिये टेस्ट क्रिकेट में शानदार नाम कमाया।

काइल जैमिसन पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनने वाले हैं और अपने डेब्यू ऑक्शन में ही वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गये। काइल जैमिसन को विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने 15 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम के साथ जोड़ने का काम किया।

नीलामी के बाद काइल जैमिसन ने खुलासा किया कि उन्होंने आधी रात को जगकर आईपीएल का ऑक्शन देखा। जैमिसन को खरीदने के लिये आरसीबी, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होड़ लगी हुई थी, हालांकि बैंगलोर की टीम ने अंत में बाजी मारकर उन्हें अपने खेमे में शामिल कर लिया।

स्टफ डॉट को डॉट एनजेड के साथ बात करते हुए काइल जैमिसन ने कहा,’नीलामी वाले दिन आधी रात को मेरी नींद खुली और मैंने अपना फोन चेक किया। मुझे लगा था कि मैं बैठकर ऑक्शन का मजा लूंगा लेकिन मुझे अपना नाम आने के लिये डेढ़ घंटे का इंतजार करना पड़ा जो कि काफी भारी था। मुझे जब 15 करोड़ में खरीदा गया तो मुझे यह भी नहीं पता था कि यह रकम न्यूजीलैंड डॉलर में कितनी होगी।’

Exit mobile version