न्यूज़ डेस्क – कोलकाता में लॉ की छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस की जांच तेज़ हो गई है। अब तक पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा भी शामिल है।
आज सुबह पुलिस ने क्राइम सीन को दोबारा रीक्रिएट किया। चारों आरोपियों को लॉ कॉलेज लेकर जाया गया और करीब 5 घंटे तक वहीं रखा गया ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। इसके बाद सभी आरोपियों को वापस ले जाया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मोनोजीत का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उस पर 11 केस दर्ज हैं — जिनमें महिलाओं से छेड़छाड़ और बदसलूकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वह सभी मामलों में ज़मानत पर चल रहा था। बताया गया है कि पीड़िता शुरुआत से ही उसके निशाने पर थी।
25 जून को वारदात के बाद मोनोजीत ने अपने कुछ भरोसेमंद साथियों को कॉलेज में रुकने और कासबा पुलिस स्टेशन के आसपास निगरानी रखने को कहा। पुलिस स्टेशन कॉलेज से सिर्फ 1 किलोमीटर दूर है।
इसके बाद मोनोजीत, प्रमित मुखर्जी और जैब अहमद के साथ कॉलेज से निकल गया। अगले दिन मोनोजीत ने एक कॉलेज अधिकारी को फोन कर पुलिस के बारे में जानकारी ली। प्रमित ने वकील से संपर्क किया और सीनियर छात्रों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने साथ नहीं दिया।
