क्रिकेट और अंधविश्वास का पुराना रिश्ता है. कई क्रिकेटर इसे मानते हैं और कई नहीं. अगर क्रिकेटर ऐसा कर ढकते हैं तो फैंस क्यों नहीं. ऐसे ही कुछ फैंस का मानना है कि विराट कोहली भले ही दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज हों लेकिन उनकी कप्तानी में कोई टीम मेजर टाइटल नहीं जीत सकती. बुधवार को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप हारने के बाद ये चर्चा अब आम हो गयी है. कुछ लोग तो कोहली को पनौती भी बता रहे हैं और उनकी जगह रोहित शर्मा को कप्तान बनाने की मांग कर रहे हैं.
पहले भी मिली हार
तीनों प्रारूपों में महेंद्र सिंह धोनी से कप्तानी का दायित्व संभालने के बाद विराट कोहली के पास पहली बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने का मौका था लेकिन वो फिर नाकाम रहे. विराट की टोली आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी लेकिन न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा. वर्षावाधित इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को आठ विकेट से हराकर डब्ल्यूटीसी फाइनल का खिताब अपने कर लिया. यह पहली बार नहीं है जब कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया फाइनल में पहुंचकर हार गई हो, इससे पहले भी विराट के नेतृत्व में टीम 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी लेकिन पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा. उसके बाद 2019 के वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारे.
कोहली की अक्सर इस बात के लिए आलोचना की जाती थी कि वह अपनी कप्तानी में भारत को आईसीसी लेवल का टूर्नामेंट कब जिताएंगे? उनके लिए टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने का बेहतर मौका था लेकिन भारतीय कप्तान यहां भी सफल नहीं रहे. बतौर कप्तान विराट कोहली ने अपना लोहा मनवाया है, हालांकि महेंद्र सिंह धोनी से तुलना उनके लिए आसान नहीं रही है. आलोचकों का मुंह बंद करने के लिए कोहली को एक अदद खिताब की दरकार थी. हर कप्तान को होती है लेकिन भारतीय कप्तान को सबसे ज्यादा थी. मगर विराट फिर फेल हुए.
अब तक नहीं जीत सके आईपीएल
सिर्फ आईसीसी के टूर्नामेंट ही नही, आईपीएल में भी विराट की कप्तानी का यही हाल है. विराट की अगुवाई में आरसीबी की टीम एक बार भी खिताब नहीं जीत सकी, जबकि आरसीबी को सबसे मजबूत टीमों में शुमार किया जाता है. सिर्फ एक बार उनकी टीम फाइनल में पहुची जहां उसे हार का सामना करना पड़ा.
रोहित हैं कमाल के कप्तान
दूसरी तरफ रोहित शर्मा की बात करें तो आईपीएल में उनका जबरदस्त रिकॉर्ड है. उनकी कप्तानी में टीम 5 बार चैंपियन बन चुकी है वो भी तब जब रोहित को कप्तानी का कोई इंटरनेशनल अनुभव नही है.
भारत ने ऐसे तय किया था फाइनल तक का सफर
वेस्टइंडीज को उसके घर में 2-0 से हराया
दक्षिण अफ्रीका को घरेलू मैदान में 3-0 से मात दी
बांग्लादेश को घरेलू धरती पर 2-0 से शिकस्त दी
न्यूजीलैंड से विदेशी शृंखला में 0-2 से हारे
ऑस्ट्रेलिया को उसके घर पर 2-1 से हराया
इंग्लैंड को अपनी धरती पर 3-1 से मात दी
भारत ने 17 में से 12 मैच जीते थे
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत ने 17 में से 12 मैच जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया था. वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड सात मुकाबलों में जीत हासिल कर दूसरे स्थान पर रहकर खिताबी मुकाबले में पहुंची थी.
Read also: इस हफ्ते पृथ्वी के पास आ रहा फ्लाइट जितना बड़ा एस्टेराॅइड
टीम इंडिया ने कब-कब जीती बड़ी आईसीसी स्पर्धा
1983, 2011 वनडे विश्व कप
2007 टी-20 विश्व कप
2013 : चैंपियंस ट्रॉफी
1983 में कपिल देव टीम इंडिया के कप्तान थे. बाकी मुकाबलों में महेंद्र सिंह धोनी ने भारत की कमान संभाले थे.

