नई दिल्ली। इस समय देश के अधिकांश राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है। राजधानी दिल्ली, उप्र, बिहार के अलावा देश के अन्य राज्यों में आसमान साफ और बारिश की संभावना अब ना के बराबर है। इस समय हवाओं का रुख बदलकर उत्तरी होने से अगले माह से ठंड में तेजी आ सकती है। इस समय उत्तर पश्चिमी हवा चल रही है। इससे तापमान में उतार चढ़ाव बना है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं के दबाव से दक्षिणी राज्यों के कुछ भाग में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल मौसम अभी शुष्क ही बना रहेगा। लेकिन कहीं तापमान नीचे आ रहा है तो कहीं तेजी से बढ़ रहा है। हवा में नमी का स्तर कम होने के कारण उमस कुछ परेशान करने वाली है। कुल मिलाकर मौसम में ठंडा और गर्म का अहसास बना हुआ है। यह सेहत के लिए हानिकारक माना जा रहा है। सुबह शाम हल्की ठंड और दिन में तापमान में वृद्धि मानव शरीर के अनुकूल नहीं है। लेकिन आने वाले कुछ दिनों में जाड़े का दौर शुरू होगा।
इस समय एनसीआर सहित उत्तरी राज्य में हल्की ठंड की दस्तक हो गई है। शुक्रवार को रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम बताया जा रहा है। मौसम विभाग की माने तो नवंबर के पहले सप्ताह से तापमान और नीचे आएगा। इसके साथ ठंड तेज होने का अनुमान है।
पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के निचले स्तरों पर एक निम्न दबाव की रेखा बनी है।

