नई दिल्ली: कोरोना वायरस के कहर से बेहाल केरल में अब जीका वायरस के दस्तक देने की जानकारी सामने आ रही है। केरल के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि कुल 19 सैंपल को एनआईवी को भेजा गया है जिसमें 13 में जीका वायरस की संभावना जताई जा रही है। एक वेबसाइट के अनुसार केरल में पहली बार जीका वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। तिरुवनंतपुरम में 10 से अधिक लोगों में वायरल संक्रमण का पता चला।
पुणे वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट द्वारा किए गए एक परीक्षण में वायरल संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जीका वायरस मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है। जीका वायरस के लक्षण चिकनगुनिया की तरह ही होते हैं। एडीज मच्छर जो दिन के समय काटते हैं रोग फैलाते हैं।आम तौर पर जीका वायरस से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं नहीं होती हैं। यदि रोगी आराम करे तो रोग पूरी तरह से ठीक हो सकता है। हालांकि, यदि वायरस गर्भवती महिलाओं को संक्रमित करता है, तो इसका परिणाम जन्म दोष हो सकता है। यह रोग रक्ताधान या यौन क्रिया के माध्यम से भी फैलता है।

