क्ले कोर्ट के बादशाह कहे जाने वाले स्पेनिश टेनिस स्टार राफेल नडाल फ्रेंच ओपन 2024 के पहले दौर में हार गए। जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने पूर्व विश्व चैंपियन को सीधे सेटों में हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने 3-6, 6-7 और 3-6 से जीत दर्ज की. बता दें कि राफेल नडाल 2005 से 2022 के बीच 14 बार क्ले कोर्ट ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन खिताब जीत चुके हैं।
अपने लंबे और सुनहरे करियर में पहली बार नडाल क्ले कोर्ट पर लगातार दो मैच हारे हैं. फ्रेंच ओपन में पहली बार वह चौथे राउंड से पहले ही बाहर हो गए हैं। क्ले कोर्ट पर इस ग्रैंड स्लैम में उनका करियर रिकॉर्ड अब 112-4 है. नडाल को शायद आखिरी बार खेलते देखने के लिए करीब 15,000 दर्शक जमा हुए थे, जिन्होंने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया.
22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नडाल 3 जून को 38 साल के हो जाएंगे। वह जनवरी 2023 से कूल्हे और पेट की चोट से जूझ रहे हैं। इस साल उन्होंने 15 मैच खेले और उनका रिकॉर्ड 8-7 रहा। चोटों के कारण उनकी रैंकिंग गिरकर 275वीं हो गई और पहली बार वे फ्रेंच ओपन में गैरवरीयता प्राप्त खिलाड़ी बने। इसी कारण पहले राउंड में ही उनका सामना चौथी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव से हुआ, जो 2020 यूएस ओपन उपविजेता रहे हैं.
