Site icon Buziness Bytes Hindi

Gujarat Chunavi Dangal: पंजाब का फार्मूला गुजरात में भी आज़मायेंगे केजरीवाल

Gujarat Election

आम आदमी पार्टी की अगर बात करें तो वहां बस आपको केजरीवाल ही केजरीवाल नज़र आएंगे, लेकिन पार्टी के लिए यह बात थोड़ी परेशानी का सबब उस समय बन जाती है जब पार्टी दिल्ली के बाहर किसी और राज्य में जाती है क्योंकि दिल्ली में काफी समय से राज कर रही आम आदमी पार्टी के पास तो कई नेता हैं लेकिन दुसरे राज्यों में उसके पास नेताओं की भारी कमी है और यही वजह है कि चुनाव तो वो केजरीवाल के नाम पर लड़ लेती है, पंजाब में जीत भी मिल गयी मगर मुख्यमंत्री पद के लिए उसे कोई स्थानीय नेता ऐसा नहीं मिल पाता जिसे वह सीएम उम्मीदवार घोषित करे. हालाँकि तेज़ दिमाग केजरीवाल ने इसका तोड़ पंजाब में इस तरह ढूंढा कि हींग लगी न फिटकरी और रंग भी आया चोखा। पंजाब में AAP ने जनता से ही पूछ लिया कि भगवंत मान मुख्यमंत्री पद के लिए कैसे उम्मीदवार रहेंगे, हालाँकि उन्होंने जनता को कोई ऑप्शन नहीं दिया था. अब गुजरात चुनाव में भी केजरीवाल वही फार्मूला अपनाने जा रहे हैं.

शनिवार को एक प्रेसवार्ता में अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के लोगों से कहा कि आपका अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए? कृपया अपनी राय साझा करें। अपनी राय देने के लिए नंबर भी जारी किया जिस पर एसएमएस या कॉल करके सुझाव देने को कहा गया इसके साथ ही एक ईमेल अड्रेस भी जारी किया जिसपर लोग मेल के जरिये अपनी राय दे सकते हैं। राय भेजने के लिए 3 नवंबर शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है और 4 नवंबर को बताया जायेगा कि गुजरात में कौन बनेगा सीएम पद का उम्मीदवार।

बता दें कि गुजरात विधानसभा का कार्यकाल फरवरी में खत्म हो रहा है। गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं। नई जानकारी के मुताबिक अगले हफ्ते निर्वाचन आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा, कहा जा रहा है कि 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात दौरे के बाद 1 नवम्बर को चुनाव की तारीखों का एलान किया जा सकता है, ख़बरों के मुताबिक गुजरात में दो चरणों में चुनाव होंगे जो दिसम्बर के पहले सप्ताह में हो सकते हैं और नतीजे 8 दिसंबर को आ सकते हैं.

Exit mobile version