कश्मीर और कश्मीरी पंडितों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार लगातार घिरती जा रही है, कांग्रेस पार्टी के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी मोर्चा खोल दिया है। कश्मीर में हिन्दुओ विशेषकर कश्मीरी पंडितों की टारगेट किलिंग को लेकर आज आम आदमी पार्टी दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कश्मीर में जब जब भाजपा आती है कश्मीरी पंडितों पर आफत आ जाती है। 1990 में भी कश्मीरी पंडितों को पलायन पर मजबूर होना पड़ा था और अब एकबार फिर उनके सामने वही हालात हैं।
Also Read : Terrorist Killed Bank Manager: कश्मीर में एक और लक्षित हत्या, हिन्दू बैंक मैनेजर को आतंकियों ने मारी गोली
अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि या तो इन्हें काम करना नहीं आता या फिर इनकी नीयत में ही खोट है। केजरीवाल ने कहा कि सरकार बड़े बड़े दावे कर रही थी कि कश्मीर में शांति की बहाली की लेकिन आज एकबार फिर 1990 का दौर लौट आया है। केजरीवाल ने कहा कि पीएम रिलीफ योजना के तहत शर्तों के साथ 4500 कश्मीरी पंडितों को घाटी में बसाया गया, इन कश्मीरी पंडितों से सरकार ने बांड भी भरवाया था कि आप लोगों को कश्मीर में ही काम करना है। आज वहां कश्मीरी पंडितों को चुन चुन कर आतंकी मौत के घात उतार रहे हैं और सरकार उन्हें कश्मीर से वापस नहीं आने दे रही है, उन्हें कश्मीर में कैद कर दिया है। केजरीवाल ने कहा कि सरकार सबसे पहले तो ये बांड रद्द करे और कश्मीरी पंडितों की मांगों को माने।
Also read: ट्रांसफर लिस्ट लीक होने से कश्मीरी पंडितों का फूटा गुस्सा
आप संयोजक ने कहा कि सरकार को सिर्फ अपनी छवि की चिंता है, उन्हें कश्मीर में बसे और काम कर रहे हिन्दुओं और गैर कश्मीरियों की कोई परवाह नहीं, विरोध करो तो विरोध भी नहीं करने देती। हालात दिन ब दिन बिगड़ते जा रहे हैं और सरकार सिर्फ बैठकें कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि आज देश के आम लोगों में कश्मीर के मुद्दे पर सरकार के प्रति बहुत गुस्सा है।
केजरीवाल ने 177 कश्मीरी पंडितों की उस लिस्ट के लीक होने पर सवाल उठाया जो सरकारी सेवा में हैं और जिनका अभी श्रीनगर ट्रांसफर किया गया है, केजरीवाल ने कहा कि ट्रांसफर लिस्ट का लीक होना तो मानो आतंकवादियों को न्योता देने के समान है, उन्हें पता चल गया है कि कौन कहाँ पर ट्रांसफर किया गया है. केजरीवाल ने कहा कि वह गृहमंत्री से कश्मीरियों के नरसंहार पर बातचीत के लिए समय मांगेंगे।

