Site icon Buziness Bytes Hindi

Karwa Chauth 2022: करवा चौथ पर महिलाओं से गुलजार हुआ मेरठ का बाजार,हर ​तरफ दिखी रौनक

Karwa Chauth 2022:

मेरठ। करवा चौथ पर देर रात तक मेरठ में बाजार गुलजार रहे। बाजारों में हर तरफ महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही थी। मेंहदी लगवाने वालों की दुकानों पर महिलाएं अपने बारी की प्रतीक्षा करती दिखाई ​दीं। करवा चौथ की पूर्व संध्या पर बुधवार को मेरठ के सभी प्रमुख बाजारों में दिन से ही भारी भीड़ उमड़ रही थी। पूजा सामग्री व कपड़ों की दुकानों पर देर रात तक महिलाएं खरीदारी करती रही। मेरठ महानगर से लेकर देहात तक के बाजारों में करवा चौथ के लिए करवा, कैलेंडर,गहने, कपड़े,चूड़ियां, श्रृंगार के सामान के अलावा मेंहदी लगाने वालों की दुकानों पर भारी भीड़ दिखाई दी। इसके अलावा मिष्ठान,किराना, ड्राइफ्रूट, फल की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाएं देर रात तक खरीदारी करती देखी गईं। बाजार में कुछ महिलाएं मास्क लगाकर खरीदारी करने के लिए आई तो अधिकांश के चेहरे पर मास्क ही नहीं दिखाई दिया।

करवा चौथ की पूर्व संध्या पर बाजार में ऐसी भीड़ उमड़ी की पूरी यातायात व्यवस्था ही ध्वस्त हो गई। मेरठ के सेंट्रल मार्केट, आबूलेन, सदर बाजार, लालकुर्ती बाजार, हापुड अडडा भगत सिंह मार्केट, दिल्ली रोड, पर बाजारों में भीड़ के चलते चारों तरफ जाम ही जाम दिखाई दिया। सबसे अधिक जाम ई-रिक्शा के कारण लगा रहा। नो-एंट्री का भी असर बाजार में नहीं दिखाई दिया। बाजारों में प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था तो थी लेकिन अव्यवस्था के चलते सभी कुछ अस्त—व्यस्त हो गया। करवा चौथ के मौके पर जहां एक तरफ ऑनलाइन खरीदारी से लेकर मुख्य बाजारों तक खरीदारी की होड़ थी। वहीं दूसरी ओर ब्यूटी पार्लरों में विशेष छूट के साथ महिलाओं को लुभाने के आफर थे।

करवाचौथ पर हाइटेक एयरब्रश मेकअप की बेहद डिमांड रही। मेरठ के सेंट्रल मार्केट में सुबह से कॉस्मेटिक की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। महिलाओं को ब्यूटी पार्लर में कई दिन पहले अपनी बुकिंग करवानी पड़ी थी। उसके बाद उनका आज नंबर आया था। वहीं चूड़ी की दुकानों, मेहंदी लगवाने को लेकर मारामारी रही।

Exit mobile version