Site icon Buziness Bytes Hindi

करवा चौथः बाजारों में उमड़ी महिलाएं, जमकर की खरीदारी


करवा चौथः बाजारों में उमड़ी महिलाएं, जमकर की खरीदारी

मेरठ। सुहागिनों के लिये सबसे अधिक प्रिय व्रत करवा चौथ पर बाजारों में खरीदारी करने के लिये महिलाओें की भीड़ उमड़ी रही। महानगर के प्रमुख बाजारों में साड़ी, ज्वैलरी और काॅस्मेटिक प्रोडक्ट की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। वहीं मेहंदी लगवाने के लिये भी महिलाओं में उत्साह दिखा और बाजारों, ब्यूटी पार्लरों आदि पर बैठे मेहंदी वालों के यहां महिलाओं की कतारें लगी रहीं।


रविवार को करवा चौथ का व्रत रखने के लिये महिलाओं में उत्साह दिख रहा है। शुक्रवार को महानगर के प्रमुख बाजार महिलाओं से गुलजार रहे। कपड़े, साड़ी, सौंदर्य प्रसाधन, ज्वेलरी आदि की दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। सबसे अधिक उत्साह साड़ियां और काॅस्मेटिक प्रोडक्ट खरीदने के लिये दिखा।


Read also: क्या आप जानते है की करवा चौथ पर चंद्रमा को क्यों अर्घ्य दिया जाता है

दरअसल अपने पति की लंबी आयु के लिये व्रत रखने वाली सुहागिनें इस दिन सोलह श्रृंगार कर पूजा-अर्चना करती हैं। ऐसे में नयी साड़ियां खरीद कर पहनने के प्रति महिलाएं उत्साहित रहती हैं। अब साड़ी नयी है तो उसके साथ मैचिंग चूड़ियां और ज्वैलरी के साथ अच्छा मेकअप भी होना चाहिये। करवा चौथ को लेकर महिलाएं इतनी उत्साहित हैं कि महानगर के प्रमुख ब्यूटी पार्लर काफी पहले से ही बुक हो चुके थे। आज इन ब्यूटी पार्लरों में जाकर महिलाओं ने आज से ही सजना शुरू कर दिया है।

मेहंदी लगवाने के लिये भी लेना पड़ रहा टाइम

करवा चौथ पर हाथों में मेहंदी लगाने की भी परंपरा है। पहले जहां घर की महिलाएं आपस में ही मेहंदी लगा लेती थी अब आधुनिकता के दौर में मेहंदी भी प्रोफेशनल तरीके से लगवाई जाती है। प्रमुख बाजारों से लेकर ब्यूटी पार्लर तक में मेहंदी लगाने का इंतजाम है। हालांकि मेहंदी लगाने वाले भी बेहद व्यस्त हो गये हैं और समय लेकर ही उनसे मेहंदी लगवाना संभव हो पा रहा है।


बाजारों में भीड़ देखकर खिले दुकानदारों के चेहरे

कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को दरकिनार कर बाजारों में उमड़ी भीड़ ने दुकानदारों के चेहरों पर रौनक ला दी। जमकर हुई खरीदारी से बाजार में खुशियों का माहौल रहा। उत्साहित दुकानदारों को अब आने वाले त्योहारों पर भी इसी तरह बिक्री होने की उम्मीद बंध गयी है।

शिफान, सिल्क और हैवी वर्क की साड़ियों ने लुभाया

बाजारों में साड़ी विक्रेताओं ने भी करवा चैथ के लिये अपनी तैयारी कर रखी थी। आधुनिक फैशनेबल साड़ियों से लेकर परंपरागत साड़ियाें की जमकर बिक्री हुई। शिफान, ओर्गिना और हैवी वर्क की साड़ियों ने सुहागिनों को खासतौर पर आकर्षित किया। आबूलेन के साड़ी विक्रेता संजय अग्रवाल का कहना है कि इस साल शिफान की साड़ियों का खासा क्रेज है। वहीं पांच से लेकर पांच हजार तक रेंज की सिल्क की साड़ियां खरीदने के लिये भी महिलाओं में उत्साह दिखा। करवा चौथ पर लाल रंग की साड़ियां पहनी जाती हैं मगर मल्टी कलर और दूसरे रंगों की साड़ियां भी महिलाओं ने खरीदी हैं। वहीं नवविवाहिताओं में हैवी वर्क की साड़ी खरीदने के लिये उत्साह दिखा। महानगर के प्रमुख बाजार आबूलेन, बेगमपुल, सदर बाजार, शहर सर्राफा, नयी सड़क पर खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

Read also: करवा चौथ पर लौटी बाजार की रौनक

आर्टिफिशियल ज्वेलरी ने भी मोहा मन

इस साल सोना-चांदी के दामों में खासी बढ़ोतरी होने के कारण उनकी बिक्री पहले की मुकाबले कम हुई है। लेकिन आर्टिफिशियल ज्वेलरी की जमकर खरीदारी की गयी। लाल रंग की चूड़ियों के साथ जयपुरी कंगन, नयी वैरायटी में उपलब्ध चूड़ियाें ने भी महिलाओं को आकर्षित किया।

Exit mobile version