Site icon Buziness Bytes Hindi

कर्नाटक विधानपरिषद उपाध्यक्ष धर्मे गौड़ा ने की आत्महत्या


कर्नाटक विधानपरिषद उपाध्यक्ष धर्मे गौड़ा ने की आत्महत्या

चिकमंगलूर: कर्नाटक में एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में जनता दल(सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता एवं विधानपरिषद के उपाध्यक्ष एस एल धर्मे गौड़ा ने सोमवार की रात आत्महत्या कर ली।

परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्री गौड़ा कल शाम अपनी निजी कार से सखारयापत्तना स्थित फार्महाउस से घर के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने अपने चालक से कहा कि वह किसी से बात करने जा रहे हैं और उनसे थोड़ी दूर रुक जाने के लिए कहा था। घर नहीं पहुंचने पर परिवार के सदस्यों और स्टाफ ने उनकी तलाश शुरू की। देर रात उनका शव रेल पटरी के पास पड़ा पाया गया। मौके पर ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद हुआ है।

शव को मेकगैन अस्पताल ले जाया गया
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शव को शिमोगा के मेकगैन अस्पताल ले जाया गया है। मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने घटना पर स्तब्धता जाहिर करते हुए, इसे ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण” करार दिया। उन्होंने विधान परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में कुशलतापूर्वक संचालन के लिए एमएलसी की सराहना की।

जद (एस) ने जताया शोक
जद (एस) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा ने भी ट्वीट कर धर्मे गौड़ा के निधन पर स्तब्धता जाहिर की और उन्हें एक सभ्य राजनेता के तौर पर याद किया। देवगौड़ा ने कहा कि धर्मे गौड़ा के निधन से राज्य को क्षति पहुंची है। पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने भी धर्मे गौड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, उन्हें अपने भाई की तरह बताया। कुमारस्वामी ने ट्वीट किया, ‘‘उनके निधन से मुझे सदमा पहुंचा है। वह एक ईमानदार राजनेता थे।”

Exit mobile version