कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 10 मई को मतदान और 13 मई को नतीजे आने हैं. चुनाव में सत्ताधारी भाजपा की हालत ठीक नहीं बताई जा रही है. वहीं पार्टी में चल रही अंदरूनी खींचतान के चलते बीजेपी की राह मुश्किल नजर आ रही है. इस बीच, कर्नाटक के रायचूर जिले के भाजपा विधायक शिवराज पाटिल का पीएम मोदी के बारे में बात करते हुए एक कथित ऑडियो क्लिप शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। क्लिप में भाजपा कहते सुनाई दे रहे हैं कि प्रधानमंत्री समेत कोई उनसे सवाल नहीं कर सकता, वह किसी की बात नहीं सुनेंगे.
ऑडियो क्लिप वायरल
इस तीन मिनट की क्लिप में भाजपा विधायक को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कोई मोदी वोदी नहीं, मैं केवल शिवराज पाटिल हूं। मैं किसी सहयोगी की नहीं सुनूंगा। मुझे मोदी के दाहिने हाथ की भी परवाह नहीं है। मैं ही एकमात्र ऐसी सेना हूँ जिसका न बायाँ है न दायाँ। मैं ही मोदी हूं मैं ही ट्रंप हूं वो मुझे छेड़ नहीं सकते।
कर्नाटक भाजपा में बढ़ती अंतरकलह
भाजपा विधायक कहते हैं कि इस बात से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो चुनाव जीतते हैं या हारते। दुनिया में अगर कोई चिंतामुक्त व्यक्ति है तो वह शिवराज पाटिल है। वो भगवान की तरह है। शिवराज पाटिल कहते हैं कि वो अपने लड़कों से रोज पैर छूकर आशीर्वाद लेने को कहते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले यह ऑडियो क्लिप राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनती जा रही है. बता दें कि शिवराज पाटिल ने इस ऑडियो क्लिप को लेकर अभी कोई सफाई जारी नहीं की है। कर्नाटक भाजपा में ;पहले से ही काफी अंदरूनी कलह की बातें सामने आ चुकी हैं। येदियुरप्पा द्वारा अपने बेटे की चुनावी सीट के घोषणा के बाद सी टी रवि ने मोर्चा खोल दिया था और कहा था कि भाजपा में किचन पॉलिटिक्स का कोई रिवाज़ नहीं है. कोई नेता चाहे जितना बड़ा हो, अपने तौर पर किसी की उम्मीदवारी का एलान नहीं कर सकता।
