पुलिस ने बनाया आरोपी, तलाश में डाली जा रही है दबिश
कानपूर: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपूर में का एक हिस्ट्रीशीटर को पुलिस की गिरफ्त से भाजपाइयों द्वारा जबरन छुड़ाने के मामले में आला अधिकारियों से निर्देश के बाद अब उन लोगों को आरोपी बनाया गया है जिन्होंने पुलिस के साथ हाथापाई करके बदमाश को छुड़ाया।
पुलिस ने इस मामले में बीजेपी नेता नारायण भदौरिया को आरोपी बनाया है साथ ही गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस ने नारायण भदौरिया की फ़ोटो जारी करके लोगों से सूचना देने की अपील की है. अभिरक्षा से छुड़ाए जाने के मामले में पुलिस को कई वीडियो मिले, ज़िनमें से सात आरोपियों की पहचान कर ली गई है. बाकी आरोपियों की तस्वीर जारी की जा रही है. वहीँ नारायण भदौरिया को बीजेपी के सभी पदों से हटा दिया गया है.
दरअसल नौबस्ता थाना क्षेत्र के उस्मानपुर में भाजपा दक्षिण जिला मंत्री नारायण सिंह भदौरिया का जन्मदिन एक निजी गेस्ट हाउस में मनाया जा रहा था. जन्मदिन के कार्यक्रम में शहर के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओ में वांछित अपराधी मनोज सिंह भी पहुंचा था, जिसकी सूचना पुलिस को लगी. नौबस्ता थाने की पुलिस टीम भाजपा नेता के कार्यक्रम में पहुंची.
कानपुर पुलिस वांछित हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने लगी. इसकी सूचना जैसे ही नारायण भदौरिया को लगी तो वो अपने सामर्थको के साथ सड़क पर पहुंचे और पुलिस की जीप को चारों ओर से घेर लिया और हिस्ट्रीशीटर को छोड़ने की बात करने लगे. पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को छोड़ने से मना कर दिया. इसी बीच नारायण भदौरिया और उनके समर्थकों ने जीप में बैठे हिस्ट्रीशीटर को जीप से उतारकर भगा दिया. हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलात्कार जैसी गंभीर धाराओं में 34 मुकदमे दर्ज हैं.
मिली जानकारी के अनुसार नारायण भदौरिया का भी आपराधिक इतिहास है. नारायण पर धारा 307, 308 जैसी गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं.

