Site icon Buziness Bytes Hindi

Kailash Prakash Stadium: मेरठ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के विवाद में चाकूबाजी, दो एथलीट घायल एक गंभीर

मेरठ। मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज गुरुवार को सुबह हुई चाकूबाजी में एक एथलीट गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दें कि कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम उप्र में खेल का बड़ा गढ माना जाता है। इस स्टेडियम में तपकर निकले खेल प्रतिभाओं ने मेरठ और देश का नाम विदेशों में रोशन किया है। खिलाडियों ने क्रिकेट और अन्य खेलों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल तक जीता है। वहीं कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज खूनखराब हो गया। आज स्टेडियम में खिलाड़ियों के आपसी विवाद में जमकर चाकू चले। जिसमें एक एथलीट गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल एथलीट को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर एथलीट को आइसीयू में रखा है। हमला करने वाले वेटलिफ्टर खिलाड़ी की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जाता है कि स्टेडियम में आज सुबह एक वेटलिफ्टर ने दो एथलीटों पर धारदार चाकू से हमला बोल दिया। जिसमें एथलीट राहुल को छाती से लेकर पेट तक कई गहरे घाव हुए हैं। उसके साथ ही दूसरे खिलाड़ी अनुराग पटेल के हाथ और अन्य जगहों पर चाकू के गहरे घाव हैं। 

Read also: UP: प्रदेश में 16 आईएएस के तबादले, अखिलेश के नजदीकी सहगल सूचना विभाग से हटाए

हमले में घायल दोनों एथलीट को पास के ही अस्पताल में ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद एथलीट राहुल को आईसीयू में रखा है। स्टेडियम कोच और पुलिस मौके पर मौजूद हैं। प्राथमिक सूचना के मुताबिक राहुल और अनुराग स्टेडियम के कुश्ती हॉल में स्थित फिजियो थेरेपी सेंटर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बाहर बास्केटबॉल कोर्ट के पास बैठे वेटलिफ्टर ने दोनों खिलाड़ियों पर कुछ कमेंट पास किया। इसी बात पर इनकी आपस में पहले कहासुनी हुई इसके बाद वेटलिफ्टर ने दोनों एथलीट पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। इससे पहले कि दोनों संभल पाते वेटलिफ्टर ने चाकू से ताबड़तोड़ कई प्रहार दोनों पर किए और मौके से फरार हो गया। इसकी जानकारी थाना सिविल लाइन पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर तुरंत पहुंची। तब तक घायल दोनों खिलाड़ियों को नजदीक के अस्पताल में अन्य खिलाड़ी लेकर जा चुके थे। पुलिस ने घटना की जांचपड़ताल शुरू की है। वहीं खेल विभाग आरोपी वेटलिफ्टर की पहचान करने की कोशिश कर रहा है। माना जा रहा है कि पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। जिसके बाद आज आरोपी वेटलिफ्टर हमले की ताक में ही आया था।

Exit mobile version