Site icon Buziness Bytes Hindi

जियो सर्जिकल स्कैनिंग से होगी लापता लोगों की तलाश


जियो सर्जिकल स्कैनिंग से होगी लापता लोगों की तलाश

टनल में फंसे लोगों की जानकारी मिलेगी, रणनीति बनाना होगा आसान

देहरादून/न्यूज डेस्क। चमोली त्रासदी के चार दिन बाद भी टनल में फंसे लोगों की जान बचाने के लिये रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। लेकिन टनल में फंसे लगभग 30-35 लोगों तक पहुंचने का मार्ग टनों मलबे के कारण अभी भी बंद है। बुधवार शाम तक आपदा ग्रस्त क्षेत्र से 34 शव बरामद किये गये हैं, जिनमें से 10 मृतकों की शिनाख्त हो गई है। आपदाग्रस्त क्षेत्र में अब भी 170 व्यक्ति लापता हैं जिनको ढूंढने के लिये एसडीआरएफ द्वारा ड्रोन और हेलिकाॅप्टर के जरिए ब्लाॅक टनल की जियो सर्जिकल स्कैनिंग भी कराई जा रही है।

उत्तराखंड के चमोली जिले की ऋषिगंगा में आयी बाढ़ के कारण हुए चमोली हादसे के बाद तपोवन में ब्लाॅक टनल में फंसे लोगों को निकालने के लिये एसडीआरएफ-एनडीआरएफ, आर्मी, आईटीबीपी और उत्तराखंड पुलिस के जवान अपनी जान को दांव पर लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन टनल में भर चुके मलबे के कारण फंसे लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। वहीं टनल को साफ करने में भी बेहद विकट हालातों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि टनल से मलबे को निकालते ही और पीछे से और मलबा आकर जमा हो जाता है।

ऐसी विषम परिस्थितियों में टनल के भीतर मलबे की स्थिति और फंसे लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिये एसडीआरएफ द्वारा ड्रोन और हेलिकाॅप्टर के जरिए ब्लाॅक टनल की जियो सर्जिकल स्कैनिंग भी कराई जा रही है। रिमोट सेंसिंग के जरिए टनल की ज्योग्राफिकल मैपिंग कराये जाने के बाद टनल के अंदरूनी हालातों से वाकिफ हुआ जा सकेगा। थर्मल स्कैनिंग या फिर लेजर स्कैनिंग से अंदर फंसे कर्मचारियों की जानकारी भी एसडीआरएफ को मिलेगी जिससे उन्हें बचाने की रणनीति बनाने में आसानी होगी। सुरंग में फंसे मजदूरों को ढूंढने के लिये खोजी कुत्तों को भी सहारा लिया जा रहा है।

34 शव बरामद, 170 लोग अब भी लापता

आपदा ग्रस्त क्षेत्र में से रेस्क्यू टीमों ने बुधवार शाम तक 34 शव बरामद किये हैै। मिले शवों में से 10 मृतकों की शिनाख्त हो गई है। लेकिन 170 लोग अब भी लापता हैं जिनको ढूंढने के लिये एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी सहित बीआरओ के बहादुर जवान दिन-रात एक किये हुुए हैं। आपदाग्रस्त क्षेत्र से मिले शव को कर्णप्रयाग, जोशीमठ और गोपेश्वर की मोर्चरी में रखा गया है। वहीं बरामद शवों के डीएनए सैंपल भी लिये जा रहे हैं। शवों की पहचान कराने के प्रयास किये जा रहे हैं। चमोली में स्थापित कन्ट्रोल रूम का नम्बर 01372-251487 एवं मोबाइल नम्बर 9084127503 भी जारी किया गया है जिससे लोग जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Exit mobile version