Site icon Buziness Bytes Hindi

माॅर्निंग वाॅक पर निकले जिम कोच की सरेआम हत्या


माॅर्निंग वाॅक पर निकले जिम कोच की सरेआम हत्या

मेरठ। जनपद में पुलिस का इकबाल और बदमाशों में कानून का खौफ समाप्त हो गया दिख रहा है। कल जहां जागृति विहार में एक सराफ की दिनदहाड़े हत्या कर बदमाशों ने 10 लाख की नगदी और पांच किलो चांदी लूट ली थी, वहीं आज दौराला क्षेत्र में माॅर्निंग वाॅक पर निकले जिम कोच की दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सरेआम गोलियों से भून कर हत्या कर दी।

लगातार दूसरे दिन हुई इस दुस्सहासिक वारदात से जनपद में दहशत का माहौल है। वही लोग जनपद में कानून व्यवस्था पर भी प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं।

दौराला क्षेत्र में रहने वाले जिम कोच परविंदर आज सुबह माॅर्निंग वाॅक पर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो मोटरसाइकिल सवार परविंदर के पास आए और उनसे बातचीत करने लगे। तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने रविंद्र पर गोलियां चला दी। 5 गोलियां लगने से परविंदर वहीं गिर पड़े। गोली चलने के बाद वहां मौजूद लोगों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया मगर बाइक सवार बदमाश हाइवे की ओर भाग निकले। लोगों की सूचना पर पुलिस दौड़ी-दौड़ी घटनास्थल पर पहुंची और परविंदर को अस्पताल ले गई। मगर गंभीर रूप से घायल परमिंदर ने दम तोड़ दिया। पुलिस हत्या के कारणों की जांच और बदमाशों की तलाश में जुटी है।

सरेराह और दिनदहाड़े हुई इस वारदात से जनपद में खौफ और आतंक का माहौल बन गया है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ से भी इस घटनाक्रम का अपडेट लिया गया है। जनपद में बढ़ती अपराधिक घटनाओं को लेकर शासन नाराज बताया जा रहा है और कड़ी कार्रवाई करने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि बसपा सुप्रीमो मायावती कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश सरकार पर बिगड़ती कानून व्यवस्था को न संभाल पाने का आरोप लगा रहीं हैं। वहीं कांग्रेस के राहुल- प्रियंका गांधी भी प्रदेश में अपराधियों का राज होने का आरोप लगाते रहते हैं। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी तो इस मुद्दे पर अनेक प्रदर्शन भी कर चुकी है। ऐसे में कानून व्यवस्था को लेकर निशाने पर आई प्रदेश की योगी सरकार इस दिशा में कडे़ कदम उठा सकती है।

Exit mobile version