Jet Airways Naresh Goyal arrested: जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को ईडी ने आज गिरफ्तार कर लिया। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नरेश गोयल को गिरफ्तार किया है। ईडी ने केनरा बैंक की शिकायत पर नरेश गोयल, अनीता गोयल, आनंद शेट्टी और जेट एयरवेज (इंडिया) लिमिटेड (जेआईएल) के खिलाफ 538 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
जेट एयरवेज (Jet Airways) के फाउंडर नरेश गोयल (Naresh Goyal) को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। केनरा बैंक से जुड़े 538 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी के मामले ईडी नरेश गोयल से पूछताछ कर रही थी। नरेश गोयल को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार करने से पहले ईडी ने नरेश गोयल से कई घंटे पूछताछ की थी। इस मामले में गोयल और जेट एयरवेज के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।
ये है पूरा मामला
जेट एयरवेज (Jet Airway) इस समय बंद पड़ी है। Jet Airway प्रमोटर रहे नरेश गोयल पर ईडी का शिकंजा कसता चला गया। ईडी ने नरेश गोयल सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज किया था। हाल में गोयल के मुंबई और दिल्ली के आठ ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। 538 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड के मामले छापेमारी के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ रही थीं। सीबीआई ने अपनी जांच में गोयल, उनकी पत्नी अनीता और जेट एयरवेज एयरलाइन के डायरेक्टर गौरंग आनंद शेट्टी को इस मामले में आरोपी बनाया। जांच एजेंसी ने केनरा बैंक की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया है। शिकायत में केनरा बैंक ने आरोप लगाए थे कि उसने जेट एयरवेज (इंडिया) लिमिटेड (जेआईएल) को 848.86 करोड़ रुपए का लोन मंजूर किया था। जिनमें से 538.62 करोड़ रुपए अभी तक बकाया हैं।
विवादों में नरेश गोयल
बता दें कि इससे पहले फरवरी 2023 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ी राहत देते नरेश गोयल और उनकी पत्नी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस को खारिज किया था। हालांकि कोर्ट ने कहा था कि अगर कोई नया केस सामने आता है तो ईडी जांच कर सकती है। ईडी ने इस मामले में एक्शन पूछताछ के बाद गोयल को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार एक अप्रैल, 2011 से 30 जून, 2019 के बीच ने प्रोफेशनल और कंसल्टेंसी एक्सपेंसेज के रूप में 1152.62 करोड़ रुपए खर्च किए थे। जेट एयरलाइन से जुड़ी कंपनियों के 197.57 करोड़ रुपए के लेनदेन जांच के दायरे में हैं। जांच में पाया कि कंपनी ने 1152.62 करोड़ रुपए में से 420.43 करोड़ रुपए प्रोफेशनल और कंसल्टेंसी एक्सपेंसेज के रूप में ऐसी कंपनियों को दिए जिनका इनसे कोई लेनादेना नहीं था।
कई मामलों में जांच
कभी देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन में शुमार जेट एयरलाइन कर्ज और नकदी संकट के चलते अप्रैल 2019 में बंद हो गई थी। यूएई के बिजनसमैन मुरारी लाल जालान और लंदन की कंपनी कालरॉक कैपिटल (Kalrock Capital) के कंसोर्टियम ने जून 2021 में इनसॉल्वेंसी प्रोसेस में जेट एयरलाइन को खरीद लिया था। इसके बाद से एयरलाइन के रिवाइवल प्रोसेस चल रही है। विवादों में फंसने के बाद से जेट एयरवेज के मामलों की कई एजेंसियां जांच कर रही हैं। इनमें ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और एसएफआईओ आदि हैं।
