Site icon Buziness Bytes Hindi

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की प्रतिभागिता पर आया जयशाह का बयान

jaishah

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन अगले साल फरवरी-मार्च के महीने में पाकिस्तान में होना है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारी कर रहा है लेकिन टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी पर अभी तक कुछ साफ नहीं हुआ है। इस बीच बीसीसीआई सचिव जय शाह ने चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रतियोगिता की तारीख नजदीक आने पर पाकिस्तान जाने पर फैसला लिया जाएगा।

टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में एक सवाल के जवाब में जय शाह ने कहा कि इस मामले पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। टूर्नामेंट नजदीक आने पर इस पर फैसला लिया जाएगा। आपको बता दें कि पाकिस्तान द्वारा आईसीसी को सौंपे गए चैंपियंस ट्रॉफी-2025 के शेड्यूल के मुताबिक यह टूर्नामेंट 19 फरवरी से 9 मार्च 2025 के बीच आयोजित होना प्रस्तावित है। वहीं इस टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान का मैच 1 मार्च 2025 को हो सकता है।

अभी तक आईसीसी ने पाकिस्तान के प्रस्तावित शेड्यूल को मंजूरी नहीं दी है। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान की टीमें शामिल हैं। इन टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है। पहले ग्रुप में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश की टीमें शामिल हैं। जबकि दूसरे ग्रुप में अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शामिल हैं।

Exit mobile version