जम्मू। पहलगाम में हुए सड़क हादसे में आईटीबीपी के छह जवान शहीद हो गए। जबकि 30 हिमवीर घायल हैं। घायल हिमवीरों में अधिकांश की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी जवान जेकेपी की बस में सवार थे। बस में जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवान भी बैठे थे। हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस हादसे की गहनता से जांच पड़ताल कर पता लगा रही है कि बस के साथ कोई साजिश तो नहीं की गई। घटना की दो स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जिसमें आईटीबीपी अपने स्तर से बस हादसे की जांच करेगी।
आईटीबीपी के जवान अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए उत्तर-पूर्व से जम्मू कश्मीर आए थे। इन सभी जवानों को अब ट्रेन के जरिए पुराने ड्यूटी स्थल यानी उत्तर-पूर्व वापस जाना था। आईटीबीपी हिमवीरों को जम्मू स्टेशन से ट्रेन में सवार होना था। सूत्रों की माने तो जम्मू-कश्मीर में आतंकियों द्वारा पिछले दिनों से जिस तरह सुरक्षा बलों और सामान्य नागरिकों को निशाना बनाया है। उसके मुताबिक बस हादसे की गहनता से जांच पड़ताल की जाएगी। सामान्य तौर से ऐसे मामलों में ब्रेक फेल होने जैसी घटना सामने नहीं आती। जम्मू कश्मीर पुलिस के उच्च अधिकारी ने कहा कि ये हादसा है। अभी हमारा मकसद आईटीबीपी जवानों की जिंदगी को बचाना है।
Read also: सूर्यकुमार में पोंटिंग को दिखते हैं ABD
हादसे की विस्तृत जांच पड़ताल की जाएगी। इसके पीछे कोई आतंकी साजिश तो नहीं है इसके लिए भी अलग से जांच की जाएगी। बता दें कि आज मंगलवार को पहलगाम के चंदनवाड़ी में हुए हादसे के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बचाव और राहत कार्य शुरु किया है। घायल जवानों को अस्पतालों में भर्ती कराया है। घटनास्थल पर एंबुलेंस तैनात की हैं। जम्मू कश्मीर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि हादसे में देश ने अपने बहादुर हिमवीरों को खोया है। घायलों को हर संभव सहायता दी जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट में कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आईटीबीपी और पुलिसकर्मियों को ले जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी प्रार्थना और संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया है। वे अति शीघ्र ठीक होगे।

