Site icon Buziness Bytes Hindi

उपराष्ट्रपति चुनाव: जगदीप धनखड़ बनाम मार्गरेट अल्वा, अकेले भाजपा के पास 394 वोट

नई दिल्ली। आज उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान संसद भवन परिसर में हो रहे हैं। उपराष्ट्रपति के लिए राजग से जहां जगदीप धनखड़ उम्मीदवार हैं तो वहीं दूसरी ओर मार्गरेट अल्वा कांग्रेस और उसके समर्थक दल की उम्मीदवार हैं। बात दोनों उम्मीदवारों की करें तो धनखड़ भाजपा नेता हैं और राजस्थान के जाट समुदाय से हैं। उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने से पहले वह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे। वहीं, विपक्षी की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा कर्नाटक से हैं और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रही हैं। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल आगामी 10 अगस्त को खत्म हो रहा है। उससे पहले ही नए उपराष्ट्रपति को चुनना होगा।   

Read also: अमेरिकी राष्ट्रपति निवास White House के पास गिरी आकाशीय बिजली, तीन की दर्दनाक मौत

अभी तक जो आंकड़े हैं। उसके अनुसार अल्वा को कांग्रेस के 84, डीएमके के 34, एनसीपी के नौ, आरजेडी के छह और समाजवादी पार्टी के छह के अलावा टीआरएस के 16 सांसद वोट दे सकते हैं। वहीं  आम आदमी पार्टी के 10 और झामुमो के तीन सदस्यों के वोट भी अल्वा के समर्थन में ही पड़ने की संभावना जताई है। इन सब वोटों के लिहाज से माना जा रहा है कि अल्वा के पक्ष में 168 वोट पड़ सकते हैं। संसद के दोनों सदनों में कुल 788 सदस्य हैं जो कि आज मतदान करने जा रहे हैं। राज्यसभा में अभी आठ सीटें खाली हैं। हर सदस्य के वोट का मूल्य एक माना जाएगा। यानी 780 वोट में से जिसे भी 391 वोट मिल जाएंगे वो उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जीत जाएगा। लोकसभा में भाजपा के पास 303 सदस्य हैं, जबकि राज्यसभा में उसके सदस्यों की संख्या 91 है। इसका मतलब है कि भाजपा बिना किसी अन्य दल के समर्थन के अपने उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को जिताने में सक्षम है। इसमें मनोनीत सदस्य भी वोट डालेंगे।

Exit mobile version