Site icon Buziness Bytes Hindi

J P Nadda को मिला विस्तार, 2024 तक रहेंगे पार्टी अध्यक्ष

nadda

हिमाचल प्रदेश में हार के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को पद से हटाए जाने की जो बातें सियासी गलियारों में चल रही थी वो गलत साबित हुई और नड्डा को आज राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में विस्तार मिल गया है. अब वो 2024 तक भाजपा की कमान संभालेंगे, यानि लोकसभा चुनाव उन्हीं की अध्यक्षता में ही लड़ा जायेगा। पहले कहा जा रहा था कि अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में पार्टी को जीत न दिला पाने का खामियाज़ा जे पी नड्डा को भुगतना पड़ सकता है. नड्डा का नया कार्यकाल जून 2024 तक चलेगा और उससे पहले लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुके होंगे।

अमित शाह ने दी फैसले की जानकारी

इस फैसले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि कार्यसमिति ने सर्वानुमति से यह फैसला लिया है. अमित शाह ने भाजपा को सबसे ज़्यादा लोकतान्त्रिक तरीके से चलने वाला दल बताते हुए कहा कि इससे पूर्व भी पार्टी में कई कारणों की वजह से चुनाव की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाया गया था, उसी के अनुरूप इस बार भी जगत प्रसाद नड्डा के कार्यकाल को विस्तार दिया गया है. उन्होंने बताया कि इसका प्रस्ताव राजनाथ सिंह ने रखा और सभी ने हर्षध्वनि के साथ इसको स्वीकार किया.

नड्डा का है यह दूसरा विस्तार

इस दौरान अमित शाह ने जे पी नड्डा के कार्यकाल में भाजपा को मिली कामयाबियों का ज़िक्र करते हुए उन्हें बधाई दी. अमित शाह ने बताया कि नड्डा जी के कार्यकाल में पार्टी ने 120 चुनाव लड़े और उनमें से 73 में सफलता हासिल की. उन्होंने कहा कि नड्डा जी के नेतृत्व में गोवा में भाजपा ने सरकार बनाने की हैट्रिक लगाईं और गुजरात में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत दर्ज की जो आजतक कभी नहीं मिली। बता दें कि जे पी नड्डा को जून 2019 में पहलीबार कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था इसके बाद जनवरी 2020 उन्हें पार्टी के पूर्णकालिक अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी सौंपी गयी और अब 2024 तक उसका विस्तार हुआ है, इस तरह से देखा जाय तो जे पी नड्डा को दो बार विस्तार मिल चूका है.

Exit mobile version