देश के लिए काम करके भी देश की सेवा होती है उसके लिए भगत सिंह की तरह फांसी पर लटकना जरूरी नहीं। प्रधानमंत्री मेादी ने ये बात लखनऊ में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GBC) के चौथे ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह को संबोधित करते हुए कही. प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ साल पहले सिर्फ छीना झपटी की ख़बरें आती थी लेकिन अब निवेश की ख़बरें आ रही हैं, यूपी से होने वाले एक्सपोर्ट बीते कुछ वर्षों में अब दोगुना हो चुके हैं. उत्तर प्रदेश टूरिज्म का हब बनेगा. अब यहां गोरखपुर और अयोध्या आने के लिए लोग लालायित रहते हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी में आज निवेश करने को निवेशक लालायित हैं, मुझे बड़ा आनंद आता है जब यूपी में निवेश की ख़बरें सुनता हूँ. ये सब सच्ची नीयत से हो रहा है, अगर आपकी नीयत में खोट नहीं है तो आपको कोई रोक नहीं सकता। यूपी सबसे ज़्यादा एक्सप्रेस वे वाला राज्य बन चूका है. भारत के विकास में यूपी एक बड़ा ग्रोथ इंजन साबित हो रहा है, हर कोई यूपी की तरफ उम्मीद की नज़रों से देख रहा है.
अपने सम्बोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने पिछली 10 सालों की केंद्र की उपलब्धियों को भी गिनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांव-गांव शहर-शहर मोदी की गारंटी वाली गाड़ी पहुंची है, जब खुद लाभार्थी तक सरकार पहुंचे तो उसे ही सामाजिक न्याय कहते हैं. पहले की सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार और भेदभाव का कारण लोगों को लाइनें लगानी पड़ती थीं. प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले जिनको कोई नहीं पूछ रहा था आज उसे मोदी पूज रहा है. हमारी सरकार 22 लाख रेहड़ी पटरी वालों के लिए पीएम स्वनिधि योजना लेकर आयी. हमने 1 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया, आगे 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाकर रहेंगे. हमारी सरकार वन जिला उत्पाद योजना से सशक्त कर रही है. हम 13 हजार करोड़ रुपये की पीएम विश्वकर्मा योजना लेकर आए. ये योजना प्रदेश में हस्तशिल्प से जुड़े लाखों परिवारों को आधुनिकता से जोड़ेगी. उन्हें बैंकों से कारोबार के लिए सस्ता और बिना गारंटी का लोन मिलेगा.