Site icon Buziness Bytes Hindi

सभी की धार्मिक भावना का ख्याल रखना आवश्यक: मोरारी बापू


सभी की धार्मिक भावना का ख्याल रखना आवश्यक: मोरारी बापू

माघ मेला में स्वचछता के प्रबंध पर बापू ने सीएम योगी को बधाई दी
कहा, धार्मिक भावना को आहत करने वाली फिल्में बनती ही क्यों हैं

प्रयागराज। पहले विवादित दृश्य रखने और बाद में माफी मांगकर हटाने का क्या लाभ। धार्मिक भावना को आहत करने वाली फिल्में बनती ही क्यों हैं। यह कहना है कथावाचक संत मोरारी बापू का जो प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले में पहली बार आए हैं। फिल्म तांडव को लेकर चल रहे विवाद पर मोरारी बापू ने कहा कि इस देश में सभी की धार्मिक भावना का ख्याल रखना सभी का काम है। इस बात का फिल्म निर्माताओं को भी ध्यान रखना चाहिए कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

महावीर मार्ग पर महामंडलेश्वर संतोषदास सतुआ बाबा के शिविर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए संत मोरारी बापू प्रयागराज के माघ मेले में किये गये स्वच्छता के प्रबंध की तारीफ करते हुए इसके लिये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। मोरारी बापू ने कहा कि गंगा की पवित्रता पर कोई सवाल नहीं उठा सकता मगर गंगा को स्वच्छ बनाने की दिशा में सभी को सहयोग करना आवश्यक है। बापू ने कहा, सरकार और संत गंगा को स्वच्छ बनाने के लिये प्रयास करने के साथ लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। ऐसे मेें सभी को गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिय अपने-अपने स्तर पर प्रयास करना होगा।

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर बापू ने कहा कि केंद्र सरकार इस पर किसानों से वार्ता कर रही है। जल्द ही इस गतिरोध का समापन होगा और विवाद का शांतिपूर्ण हल निकलेगा। कुशीनगर में कथा से पूर्व प्रयागराज में पहुंच कर मां गंगा के दर्शन के बाद संत मोरारी बापू ने कहा कि उनकी वर्षों से इच्छा थी की कल्पवास के दौरान वह एक दिन प्रयागराज में गुजारें, आज वो इच्छा पूर्ण हो गयी।

Exit mobile version