Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल नीलामी: किंग्स इलेवन के पास सबसे ज्यादा पैसे


आईपीएल नीलामी: किंग्स इलेवन के पास सबसे ज्यादा पैसे

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरमैन बृजेश पटेल ने गुरुवार को कहा कि इस टी20 लीग की संचालन परिषद ने फैसला किया है कि आठ फ्रेंचाइजियों को 21 जनवरी तक रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नाम सौंपने की स्वीकृति होगी।

नीलामी की तारीख अभी तय नहीं की गई है। 21 जनवरी तक खिलाड़ियों को रिटेन किया जा सकेगा और फ्रेंचाइजियों के लिए ट्रेडिंग विंडो चार फरवरी को बंद होगी। उम्मीद है कि खिलाड़ियों की नीलामी फरवरी के दूसरे या तीसरे हफ्ते में होगी। आठ आईपीएल टीमों के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए 85 करोड़ की राशि होगी और पटेल ने कहा कि 2021 की नीलामी के लिए बजट राशि में इजाफा नहीं होगा।

चेन्नई सुपरकिंग्स के पास पिछली नीलामी के बाद सिर्फ 15 लाख रुपये की राशि बची थी और उम्मीद की जा रही है कि वे केदार जाधव और पीयूष चावला के रूप में कम से कम दो महंगे खिलाड़ियों को रिलीज करके अपने बजट में इजाफा करेंगे।

मुंबई इंडियंस के संभवत: अपने सभी बड़े खिलाड़ियों को रिटेन करने की जरूरत है क्योंकि उसका संयोजन अच्छा है। टीम हालांकि अपने एक करोड़ 95 लाख रुपये के बजट में इजाफे के लिए कुछ खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पास छह करोड़ 40 लाख रुपये की राशि होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास आठ करोड़ 50 लाख जबकि दिल्ली कैपिटल्स के पास नौ करोड़ रुपये हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के पास सबसे ज्यादा 16.5 करोड़ रुपये हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 10 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि के साथ नीलामी में उतरेगी। राजस्थान रॉयल्स के पास 14 करोड़ 75 लाख रुपये होंगे।

Exit mobile version