स्पोर्ट्स डेस्क – आईपीएल 2026 का ऑक्शन इस बार 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने जा रहा है। यह एक मिनी ऑक्शन होगा, जिसमें कई टीमों के कप्तान और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर भी ऑक्शन में टीम का नेतृत्व करने के लिए अबू धाबी पहुंच सकते हैं।
अय्यर का ऑक्शन में शामिल होना तय
श्रेयस अय्यर इस समय चोट के कारण मैदान से बाहर हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान उन्हें चोट लगी थी। हालांकि, BCCI को 10 दिसंबर तक टीमों की ओर से प्रतिनिधियों की सूची देनी थी, और पंजाब किंग्स ने अपने कप्तान का नाम इसमें शामिल किया है।
अगर वे अबू धाबी पहुंचते हैं, तो अय्यर गौतम गंभीर और ऋषभ पंत के बाद तीसरे कप्तान होंगे जो ऑक्शन टेबल पर बैठेंगे।
पंजाब किंग्स की स्थिति
पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग के अबू धाबी जाने की संभावना बहुत कम है, क्योंकि वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में कमेंट्री कर रहे हैं और 17 दिसंबर से एशेज टेस्ट में व्यस्त रहेंगे। टीम के पास 11.5 करोड़ रुपये का पर्स बचा है और वे अधिकतम चार खिलाड़ियों को ही खरीद सकते हैं जिनमें से दो विदेशी होंगे।
ऑस्ट्रेलिया के असिस्टेंट कोच डेनियल विटोरी ऑक्शन में मौजूद रहेंगे। उन्होंने क्रिकट ऑस्ट्रेलिया से अनुमति लेकर अबू धाबी जाने का फैसला किया है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स की टेबल पर मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और फ्रेंचाइजी के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी नजर आएंगे।
