Site icon Buziness Bytes Hindi

IPL-13: संजू सैमसन को टीम इंडिया में मौक़ा न मिलने को लेकर शेन वॉर्न ने जताई हैरानी


IPL-13: संजू सैमसन को टीम इंडिया में मौक़ा न मिलने को लेकर शेन वॉर्न ने जताई हैरानी

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां सीजन जारी है और भारतीय खिलाड़ी इस लीग में जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गये मैच में 32 गेंदों में 74 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी दावेदारी पेश कर दी है। हालांकि यह भी सच है कि यह भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज टीम इंडिया के लिये अभी तक सभी प्रारूपों में अपनी जगह नहीं बनाई है। इसी को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम के महान स्पिनर शेन वॉर्न ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि उन्हें इस बात की हैरानी है कि इस टैलेंटेड खिलाड़ी को अब तक भारतीय टीम के सभी प्रारूपों में खेलने का मौका क्यों नहीं मिला है।

बताया कमाल का खिलाड़ी
शेन वॉर्न ने राजस्थान रॉयल्स के इंस्टाग्राम लाइव पर कहा, ‘संजू सैमसन कमाल का खिलाड़ी है। मेरा मानना है कि काफी समय बाद उसके जैसा कोई खिलाड़ी हुआ है और मैं यह बात काफी लंबे समय से कहा रहा हूं। मैं हैरान हूं कि भारतीय टीम के लिये यह खिलाड़ी अभी तक सभी पारूपों में खेलता हुआ नजर क्यों नहीं आया। संजू बेहद शानदार खिलाड़ी है और उसके पास वो सारे शॉट्स हैं जो किसी खिलाड़ी को महान बनाते हैं। मुझे यकीन है कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करके रॉयल्स को आईपीएल जीतने में मदद करेगा। मुझे उम्मीद है कि भारत के लिये मैं उसे तीनों प्रारूपों में खेलते देखूंगा।’

आज किंग्स इलेवन पंजाब से मुक़ाबला
गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स की टीम को अपने दूसरे मैच में किंग्स इलेवन पंजाब का सामना करेगी, लीग का 9वां मैच शारजाह के मैदान पर खेला जायेगा। जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम चेन्नई के खिलाफ अपना पहला मैच जीत कर आ रही है तो वहीं किंग्स इलेवन पंजाब के लिये कप्तान केएल राहुल ने शतक लगाकर आरसीबी के खिलाफ जीत दिलाने का काम किया।

बटलर की वापसी
ऐसे में रविवार को होने वाले इस मुकाबले में काफी मजा देखने को मिल सकता है। राजस्थान की टीम में जोस बटलर की भी वापसी हो रही है जो कि पिछले मैच में उपलब्ध नहीं थे। शारजाह में मैदान छोटा होने की वजह से दोनों टीमों की ओर से बड़े-बड़े श़ॉट खेलते हुए देखे जा सकते हैं।

Exit mobile version