आईपीएल-13: राजस्थान ने चेन्नई को 16 रनों से हराया, छक्कों की हुई बरसात

स्पोर्ट्सआईपीएल-13: राजस्थान ने चेन्नई को 16 रनों से हराया, छक्कों की हुई...

Date:


आईपीएल-13: राजस्थान ने चेन्नई को 16 रनों से हराया, छक्कों की हुई बरसात

शारजाह: आईपीएल-13 का चौथा मैच चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया, जिसमें राजस्थान ने 16 रन से जीत दर्ज की। मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 216 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 200 रन ही बना सका।

चेन्नई की शानदार शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज शेन वाट्सन ने मुरली विजय के साथ पहले विकेट के लिए 6.4 ओवर में 56 रन जोड़े। वाट्सन ने 21 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 33 रन बनाए। इसके बाद अगले ओवर में मुरली विजय (21) भी चलते बने।

तेवतिया ने दिए झटके
9वें ओवर में राहुल तेवतिया की बैक-टू-बैक गेंद पर संजू सैमसन ने सैम कर्रन (17) और ऋतुराज गायकवाड़ (0) को स्टंप आउट किया और यहां से राजस्थान की टीम चेन्नई पर हावी हो गई।

डु प्लेसिस ने कराइ वापसी
हालांकि यहां से फाफ डु प्लेसिस ने 37 गेंदों में 7 छक्कों और 1 चौके की मदद से ताबड़तोड़ 72 रन बनाए, जबकि महेंद्र सिह धोनी ने आखिरी ओवर में हाथ खोलते हुए 17 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए। राजस्थान की ओर से तेवतिया को सबसे ज्यादा 3 विकेट हाथ लगे।

सैमसन-स्मिथ की जोड़ी जमी
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की ओर से सैमसन ने 74 और स्टीव स्मिथ ने 69 रन की पारी खेली। सैमसन के आउट होने के बाद राजस्थान की रनगति धीमी हो गई और टीम विकेट भी लगातार खोने लगी, लेकिन अंतिम ओवर में जोफ्रा आर्चर के कमाल ने सारी कसर पूरी कर दी और टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। आर्चर ने आठ गेंदों पर 27 रन बनाए। लुंगी नगिदी द्वारा फेंके गए आखिरी ओवर में आर्चर ने चार गेंदों पर चार छक्के लगाए। लग रहा था कि वह छह छक्के मार ही देंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

संजू सेमसन ने लगाई सिक्सर्स की झड़ी
राजस्थान ने अपना पहला विकेट आईपीएल पदार्पण कर रहे यशस्वी जायसवाल के रूप में खोया। छह रन बनाने वाले यशस्वी का कैच दीपक चाहर ने अपनी ही गेंद पर पकड़ा। लेकिन इसके बाद सैमसन ने आते ही बड़े शॉट्स की बरसात कर दी और महज 19 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी की। यह इस सीजन की पहली शतकीय साझेदारी है। लुंगी नगिदी की गेंद पर चाहर ने सैमसन का कैच पकड़ उनकी पारी का अंत किया। सैमसन का विकेट 132 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने 32 गेंदें की पारी में नौ छक्के और सिर्फ एक चौका मारा।

आर्चर ने दिखाए हाथ
राजस्थान ने इसके बाद डेविड मिलर (0) और रोबिन उथप्पा (5) के विकेट जल्दी जल्दी खो दिए। यहां से राजस्थान ने लय खो दी। उथप्पा के बाद राहुल तेवतिया और फिर रियान पराग भी क्रमश: 10 और छह रन बनाकर पवेलियन लौट लिए। स्मिथ हालांकि एक छोर पर खड़े रहे। उनकी पारी का अंत 19वें ओवर में सैम कुरैन ने किया। स्मिथ सीमा रेखा पर केदार जाधव के हाथों लपके गए। स्मिथ ने अपनी पारी में 47 गेंदों का सामना कर चार चौके और चार छक्के लगाए। सैमसन के आउट होने के बाद रनगति में जो कमी आई थी वो आर्चर ने आखिरी ओवर में पूरी कर दी।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related