Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल-13: सुपर ओवर में दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया


आईपीएल-13: सुपर ओवर में दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया

दुबई: दुबई में दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच आईपीएल-13 का मुकाबला टाई हुआ जिसके बाद सुपर ओवर में श्रेयस अय्यर की टीम ने जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 157 रन बनाए जिसके बाद पंजाब के लिए मयंक अग्रवाल (89) ने शानदार पारी खेली, लेकिन टीम जीत के करीब पहुंचकर भी हार गई।

सुपर ओवर में पंजाब ने बनाये सिर्फ 2 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 157 रन जुटाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने भी 8 विकेट गंवाकर 157 रन बनाए और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में पंजाब ने महज 2 रन हासिल किए, जिसके जवाब में दिल्ली ने आसान जीत दर्ज कर ली।

ख़राब रही दिल्ली की शुरुआत
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। इस टीम को शिखर धवन के रूप में पहला झटका लगा। धवन 2 गेंदों में बगैर खाता खोले रन आउट हो गए। इसके बाद मोहम्मद शमी ने अपने दूसरे ओवर में पृथ्वी शॉ (5) और शिमरॉन हेटमायर (7) को आउट कर दिल्ली को संकट में डाल दिया। आलम ये रहा कि कैपिटल्स ने 13 ओवर में ही अपना तीसरा विकेट गंवा दिया।

संकट में दिल्ली
यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने ऋषभ पंत के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला, लेकिन पंत (31) के आउट होते ही अय्यर (39) भी चलते बने और दिल्ली फिर से संकट में आ गई।

स्टोइनिस ने किया धमाका
इनके बाद मार्कस स्टोइनिस ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए महज 20 गेंदों में अर्धशतक ठोककर दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। स्टोइनिस ने 21 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाए। विपक्षी टीम की ओर से मोहम्मद शमी को सर्वाधिक 3 विकेट हाथ लगे। उनके अलावा शेल्डन कॉट्रेल ने 2, जबकि रवि बिश्नोई को 1 सफलता मिली।

पंजाब की भी ख़राब शुरुआत
टारगेट का पीछा करते हुए केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने पहले विकेट के लिए 30 रन जुटाए। राहुल 19 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट झटककर पंजाब को परेशानी में डाल दिया। इसके साथ पंजाब का ऊपरी क्रम लड़खड़ा गया। आलम ये रहा कि टीम ने अपने 5 विकेट महज 55 रन पर गंवा दिए थे।

जीत के द्वार पर पहुंचकर आउट हो गए मयंक
यहां से मयंक अग्रवाल ने कृष्णप्पा गौतम के साथ 46 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला लेकिन, तब तक पंजाब की रफ्तार काफी धीमी पड़ चुकी थी। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने खूंटा जमाए रखा। उन्होंने अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाए। मयंक ने 60 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 89 रन ठोके, लेकिन स्टोइनिस ने आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर मैच को सुपर ओवर में ला दिया। दिल्ली की ओर से अश्विन, रबाडा और स्टोइनिस ने 2-2 विकेट झटके, जबकि मोहित शर्मा और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता हाथ लगी।

Exit mobile version