Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल-13: दिल्ली ने चेन्नई को 44 रनों से हराया


आईपीएल-13: दिल्ली ने चेन्नई को 44 रनों से हराया

दुबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2020 में सातवां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया, जिसमें दिल्ली ने 44 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ चेन्नई को अपना दूसरा मैच हारना पड़ा है। टीम ने मुंबई के खिलाफ उद्घाटन मैच में जीत हासिल की थी, जिसके बाद उसे राजस्थान ने 16 रनों से हरा दिया था।दिल्ली की यह दो मैचों में दूसरी जीत है जबकि चेन्नै को तीन मैचों में दूसरी हार मिली

मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 175 रन बनाए हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई ने 7 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी।

दिल्ली की शुरुआत शानदार रही। पृथ्वी शॉ और शिखर धवन के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। पृथ्वी शॉ ने महज 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। धवन (35 रन) मैच के 10.4 ओवर में पीयूष चावला का शिकार बने, तब तक टीम ने 94 रन बना लिए थे। वहीं पृथ्वी शॉ ने 43 बॉल में 1 छक्के और 9 चौकों की मदद से 64 रन बनाए।

इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने ऋषभ पंत के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। अय्यर ने 22 गेंदों में 26 रन, जबकि पंत ने 25 बॉल में नाबाद 37 रन की पारी खेली, जिसके दम पर दिल्ली ने विशाल स्कोर खड़ा किया। विपक्षी टीम की ओर से पीयूष चावला ने 2, जबकि सैम कर्रन ने 1 विकेट झटका।

टारगेट का पीछा करते हुए चेन्नई की शुरुआत काफी धीमी रही। सलामी बल्लेबाज शेन वाट्सन (14) और मुरली विजय (10) महज 34 रन पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सिंगल चुराने की फिराक में ऋतुराज गायकवाड़ (5) भी रन आउट हो गए।

हालांकि केदार जाधव (26) के साथ फाफ डु प्लेसिस ने चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़े, लेकिन इसके अलावा कोई भी साझेदारी नहीं पनप सकी। कप्तान धोनी छठे नंबर पर उतरे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

कगीसो रबाडा ने मैच के आखिरी ओवर में माही को आउट किया। धोनी 12 गेंदों तक संघर्ष करने के बाद 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद आखिरी बॉल पर रवींद्र जडेजा (12) को आउट कर दिल्ली ने सीजन में अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल की। कैपिटल्स की ओर से रबाडा ने 3, जबकि नॉर्तेज ने 2 शिकार किए। वहीं अक्षर पटेल को 1 विकेट हाथ लगा।

Exit mobile version