Enthusiasm among investors Rs 615 crore Chandrayaan-3: चंद्रयान 3 की सफलता से निवेशकों में भी उत्साह दिख रहा है। वहीं अंतरिक्ष और एयरो स्पेस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में चंद्रयान 3 की सफलता से जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
चंद्रयान 3 की सफलता का सबसे अधिक लाभ हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को हुआ। इसके शेयर यूं तो सिर्फ 5 प्रतिशत तक चढ़े हैं। लेकिन रुपए में देखें तो बाजार पूंजी 6,777 करोड़ रुपए तक बढ़ी है।
इसरो के 615 करोड़ रुपए लागत वाले चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग क्या हुई। हर तरफ से सफलता हाथ लग रही है। चंद्रयान 3 की सफलता पर निवेशकों में उत्साह है। इसका अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ी छोटी-बड़ी सभी कंपनियों के शेयर पिछले एक हफ्ते से लगातार राकेट बने हुए हैं। इन शेयरों की बाजार पूंजी 30 हजार करोड़ रुपए तक बढ़ी है। निवेशकों के उत्साह का आलम है कि लोगों ने गोदरेज एयरोस्पेस को गोदरेज इंडस्ट्रीज का हिस्सा समझा और इसके कारण गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयर एक सप्ताह में 8 फीसदी तक चढ़ गए है। हालांकि बाद में गोदरेज इंडस्ट्रीज ने स्पष्टी किया कि गोदरेज एयरोस्पेस उसकी अनुसंगी कंपनी नहीं है।
इसके बावजूद उत्साह नहीं कम हुआ। अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ाव रखने वाली कंपनियों के शेयरों का भाव लगातार चढ़ रहा हैं। सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स ऐसी एक कंपनी है जिसका अधिकांश लोगों ने नाम नहीं सुना। लेकिन चंद्रयान-3 जैसे ही सफलता की ओर बढ़ता गया। इसके शेयर बढ़ते चले गए। एक सप्ताह में इसके शेयरों में 26 प्रतिशत की तेजी आई है।
सबसे अधिक एचएएल के शेयर में 6777 करोड़ की वृद्धि
चंद्रयान 3 अभियान के सफल होेने पर सबसे अधिक फायदा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को हुआ। जिसके शेयर तेजी के साथ चढ़े और रुपए में बाजार पूंजी 6,777 करोड़ रुपए बढ़ गई। इसी प्रकार भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 6 प्रतिशत की तेजी आई लेकिन रुपए में यह अंतर 6,691 करोड़ रुपए का रहा। गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयरों में 8 फीसदी वृद्धि हुई जो कि रुपए में 5,967 करोड़ की रही।
इसरो को सामान देने वाली कंपनियों की बल्ले-बल्ले
अवेंटेल शेयर 18 प्रतिशत तक बढ़ गए। जिसके कारण कंपनी शेयरों में 5,263 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। इसरो को सामान आपूर्ति करने वाली कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, मिस्र धातु निगम, पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजिज और एमटीएआर के शेयरों में बहुत तेजी से वृद्धि हुई है। लिंडे इंडिया के शेयर में 3,343 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है।
