Site icon Buziness Bytes Hindi

लंबी अवधि में अधिक मुनाफा चाहिए तो MNC Fund में करें निवेश

nmc find

#image_title

नई दिल्ली। लंबी अवधि में अधिक मुनाफा चाहते हैं तो एमएनसी फंड में निवेश एक बेहतर विकल्प है। इसमें लंबे समय तक निवेश करने से अच्छा रिटर्न मिल सकता है।
एमएनसी फंड तो कई साल से हैं मगर एचडीएफसी म्युचुअल फंड ने पिछले दिनों एक नया फंड लाकर इन्हें फिर सुर्खियों में ला दिया है। इस श्रेणी ने 10 साल की औसत अवधि में निफ्टी 50 टोटल रिटर्न इंडेक्स को पीछे छोड़ा है मगर कम अवधि की बात करें तो यह पिछड़ती नजर आती है।
एसबीआई, यूटीआई, आदित्य बिड़ला सन लाइफ और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल जैसी फंड कंपनियों के पास इस श्रेणी में एक्टिव फंड हैं। कोटक के पास निफ्टी एमएनसी इंडेक्स पर आधारित एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड है। इस श्रेणी में फंड कंपनियां कुल मिलाकर 12,315 करोड़ रुपये की संपत्ति संभाल रही हैं।

कहां निवेश करते हैं एमएनसी फंड

एमएनसी फंड उन कंपनियों के शेयरों में निवेश करते हैं, जिनमें आम तौर पर 50 फीसदी से ऊपर हिस्सेदारी विदेशी प्रवर्तकों के पास होती है। इनका बेंचमार्क निफ्टी एमएनसी इंडेक्स है, जिसमें 30 बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNC) के शेयर शामिल हैं। इन शेयरों को फ्री-फ्लोट बाजार पूंजीकरण के आधार पर चुना जाता है।

एमएनसी फंडों में रकम लगाने पर शेयरों में निवेश का मौका

बहुराष्ट्रीय कंपनियां FMCG, वाहन एवं वाहन पुर्जा, स्वास्थ्य सेवा, पूंजीगत वस्तु, धातु एवं खनन तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में हैं। चूंकि इन कंपनियों का आकार अलग-अलग है, इसलिए एमएनसी फंडों में रकम लगाने पर निवेशकों को लार्ज, मिड और स्मॉल-कैप के तमाम शेयरों में निवेश का मौका मिल जाता है।

फंड प्रबंधकों की रणनीति भी अलग-अलग होती हैं। कुछ चुनिंदा शेयरों वाला कॉम्पैक्ट पोर्टफोलियो रखते हैं। मिसाल के तौर पर एसबीआई मैग्नम ग्लोबल फंड में केवल 20 शेयर हैं। इसके उलट आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएनसी फंड अधिक विविधता के साथ 57 शेयरों में निवेश करता है।

Exit mobile version