Site icon Buziness Bytes Hindi

मेरठ में जोश से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस


मेरठ में जोश से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

पुलिसकर्मियों ने योग से दूर किया ड्यूटी का तनाव

मेरठ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को जनपद में पूरे जोश से मनाया गया। कोविड महामारी में रात-दिन ड्यूटी पर जुटे प्रदेश के पुलिस कर्मियों ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग करके अपने तनाव को दूर किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर थाना सदर बाजार मेरठ में पुलिस कर्मियों को थाना प्रांगण में एडीजी राजीव सभरवाल के आदेश अनुसार जागरूक किया गया तथा बैरिक में निवासित पुलिस कर्मियों को योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का पालन किया गया। मेरठ जिले के सदर बाजार थाने में थानाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने थाने में कार्यरत सभी पुलिसकर्मियों को योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान कोरोना की महामारी को ध्यान में रखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए योगाभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान पुलिसकर्मी भी प्रफुल्लित दिखाई दिए।


वहीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती एवं चौधरी चरण विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा पूज्य योग गुरु स्वामी कर्मवीर जी महाराज के मार्गदर्शन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित योग शिविर में भाग लिया। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल व कुलपति डा. एनके तनेजा ने भी योग शिविर में प्रतिभाग किया। वहीं दूसरी ओर आमजन ने अपने-अपने घरों में ही योगाभ्यास किया। आरजी पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना के चलाए जा रहे दस दिवसीय आॅनलाइन योग प्रशिक्षण शिविर का भी समापन हो गया।


आरजी पीजी कॉलेज में चल रहे आॅनलाइन योग प्रशिक्षण शिविर के दसवें दिन रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बहुत धूमधाम के साथ मनाया गया। यह शिविर 12 जून से शुरू हुआ था। एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी और मेंटल हेल्थ काउंसलर डॉ. अमिता शर्मा ने छात्राओं को योग करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने छात्राओं को सूर्यग्रहण के बारे में जानकारी दी और इस दौरान ली जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। शिविर में स्वदेश में निर्मित वस्तुओं को भी अपनाने पर जोर दिया।
शास्त्रीनगर एल ब्लॉक स्थित इस्माइल गर्ल्स नेशनल इंटर कॉलेज में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न प्रकार के आसन एवं योग किए गए। प्रधानाचार्य डॉ. मृदुला शर्मा ने बताया कि स्वस्थ जीवन जीना जिन्दगी की जमा पूंजी है। योग करना रोगमुक्त जीवन की कुंजी है। इसलिए नियमित तौर पर योग करने की आदत डालनी चाहिए।

Exit mobile version