मेरठ। ग्राीष्मावकाश के बाद बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल आगामी 16 जून से खुलने जा रहे हैं। मेरठ बेसिक शिक्षा विभाग स्कूल खुलने की तैयारी में जुट गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण शुरू किया जा चुका है। इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ये निर्देश महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जारी किए है। जिसके बाद बड़े अधिकारी जिलों के दौरे पर अब निकलेंगे। महानिदेशक ने बेसिक शिक्षा का कामकाज संभालने के बाद सभी बीएसए को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने निर्देश दिए हैं कि पिछले दो साल से दो शैक्षिक सत्रों में कोरोना संक्रमण के चलते अधिकांश समय स्कूल बंद रहे। जिसका असर बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ा है। अब शिक्षक व छात्र-छात्राओं के लिए अनुकूल माहौल बनाने को हर स्तर पर प्रभावी इतजाम और प्रयास की जरूरत है। इसी कारण से अब अगले सप्ताह स्कूल खुलने जा रहे हैं। सभी बीएसए अपने यहां स्कूल खुलने की तैयारी पूरी कर लेंं।
Read also: सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति को अवश्य पहुंचाएं, स्ट्रीट वेंडर को दिया जाए लाभ
अब प्रदेश की महानिदेशक स्कूल शिक्षा, राज्य परियोजना आफिस, बेसिक शिक्षा निदेशालय और एससीईआरटी की टीम जिलों के बीएसए आफिसों का निरीक्षण करेंगी। बीएसए आफिस की व्यवस्था दुरुस्त करें। स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति की जांच, जिला और ब्लाक स्तर पर टास्क फोर्स 16 जून से करेंगी। वहीं डीबीटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यूनीफार्म, स्कूल बैग, और जूते-मोजे के लिए धनराशि अभिभावकों के खाते में जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र यूनीफार्म, स्कूल बैग, जूते-मोजे के साथ ही स्कूल आएं। स्कूलों को मिली कंपोजिट ग्रांट की धनराशि की निगरानी के साथ ही इसकी रिपोर्ट राज्य परियोजना आफिस को भेजें। आपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में सभी 19 पैरा मीटर्स पूरे किए जाए। विद्यालयवार शेष कार्यों की लिस्ट बनाकर जिलाधिकारी से संपर्क करके समय से पूरा कराएं।
जिलों में चिन्हित किए जर्जर व ध्वस्त विद्यालयों में इस बार शिक्षण कार्य नहीं होगा। ऐसे विद्यालयों के लिए अलग से वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। बीएसए कार्यालयों में कार्यों को समय से निस्तारित कराया जाए। इसी के साथ क्लीन डेस्क पालिसी पर जोर दिया जाए। स्कूलों के मान्यता मामलों का निस्तारण में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलों में निलंबित चल रहे शिक्षकों की जांच प्राथमिकता पर पूरी कराकर नियमानुसार जल्द ही निर्णय लिया जाए।
16 से 20 जून : ब्लाक स्तर पर प्रधानाध्यापकों की बैठक और स्कूलों की समीक्षा।
16 से 25 जून : ब्लाक स्तर पर शैक्षिक रिसोर्स परसंस की बैठक और स्कूलों में सपोर्टिव सुपरविजन कार्ययोजना तैयारी।
16 से 30 जून : शिक्षक संकुल की बैठक और अधिकारी स्कूलों का नियमित रूप से निरीक्षण।
