8 अप्रैल से चलेगा टीकाकरण का विशेष अभियान
मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कालेज में कोरोना मरीजो के उपचार के लिए बनाये गये अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में कोरोना टीकाकरण व नियंत्रण के संबंध में बैठक की अध्यक्षता करते हुये जिलाधिकारी के0 बालाजी ने कहा कि अधिक से अधिक आमजन को कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाये। उन्होने कहा कि आमजन को माॅस्क का उपयोग करने, सोशल डिस्टेनसिंग का पालन करनें, सैनिटाईजर का उपयोग करने व नियमित अंतराल पर हाथ धोने के लिए प्रेरित किया जाये।
सर्विलांस अधिकारी डा0 अशोक तालियान ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के निःशुल्क टीकाकरण में 08 व 09 अप्रैल 2021 को मीडिया बंधु, विभिन्न प्रतिष्ठानो के दुकानदार, 10 अप्रैल को बैंक और इन्श्योरेन्स कर्मचारी, 12, 13 व 14 अप्रैल 2021 को स्कूल व कालेज के अध्यापक, 15 व 16 अप्रैल को बस, ऑटो रिक्शा ड्राईवर, रेहडी व पटरी के दुकानदार, 17 व 19 अप्रैल 2021 को सरकारी कार्यालयो के अधिकारी व अधीनस्थ कर्मचारी, 20 व 21 अप्रैल 2021 को अधिवक्ता बंधु व ज्यूडिशियल कर्मचारी तथा 22 व 23 अप्रैल 2021 को प्राईवेट कार्यालयो के अधिकारी व कर्मचारियों का निःशुल्क टीकाकरण कराया जायेगा।
उन्होने बताया कि जनपद में एलएलआरएम मेड़िकल कालेज, प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल, संतोष अस्पताल, आनंद अस्पताल, लोकप्रिय अस्पताल, केएमसी अस्पताल, न्यूट्रिमा अस्पताल में कोरोना मरीजो का ईलाज कराया जा रहा है। उन्होने बताया कि सुभारती व नेशनल कैपिटल रीजन इन्स्टीटयूट आफ मेडिकल साइंस में भी ईलाज की व्यवस्था होगी। उन्होने बताया कि 04 अप्रैल 2021 तक 312 मरीज होम आईसोलेशन में है व 68 कोरोना मरीजो का ईलाज किया जा रहा है।
बैठक में प्राचार्य एलएलआरएम मेडिकल कालेज डा0 ज्ञानेन्द्र कुमार, सीएमओ डा0 अखिलेश मोहन, डा0 टी0वी0एस0 आर्य, डा0 धीरज बालियान सहित अन्य चिकित्सक, अधिकारीगण उपस्थित रहे।

