शामली। मुख्यमंत्री योगी की खाकी ने एक बार फिर से महकमे को शर्मसार कर दिया। पुलिसकर्मी थाने के भीतर ही वर्दी की मर्यादा भूल आम जनता की तरह खुद एक-दूसरे से भिड़ गए। यहां तक कि थाने के इंस्पेक्टर और एक दरोगा के बीच जमकर हाथापाई और गाली गलौज हुई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की जानकारी लगने पर एसपी अभिषेक झा ने पूरे प्रकरण की जांच बैठा दी है। थाने के भीतर इंस्पेक्टर और दरोगा के बीच मारपीट का ये मामला शामली आदर्श मंडी थाने का है। जहां पर सोमवार रात इंस्पेक्टर और दरोगा में पहले गाली-गलौज हुई उसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर जमकर हाथ साफ किया। थाने में दोनों के बीच हाथापाई हुई। जिसमें दोनों ने एक-दूसरे की वर्दी तक फाड़ दी। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को जमकर गालियां दी। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने और जान से मारने तक की धमकी दे डाली।
Read also: Congress President Poll: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सामने आये थरूर और दिग्विजय के नाम
इंस्पेक्टर और दरोगा में हाथापाई होता देख साथी पुलिसकर्मियों ने बचाव की कोशिश की लेकिन दोनों एक दूसरे की जान लेने पर तुले हुए थे। किसी तरह से दोनों को अलग किया गया। थाने में हुई इस शर्मनाक घटना का वीडियो सीसीटीवी फुटेज से निकालकर किसी ने वायरल कर दिया। एसपी के पास तक मामला पहुंचा तो उन्होंने इस प्रकरण में सीओ कैराना को जांच सौंपी है। वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर एमपी सिंह कुर्सी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। जबकि दरोगा भूदेव सिंह उनके पास खड़े हैं। दोनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। कुछ देर बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों एक-दूसरे को गाली दे रहे हैं और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। झगड़ा बढ़ता देख थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों अधिकारियों को किसी तरह एक-दूसरे से हटाकर शांत कराया। इसके बाद इंस्पेक्टर और दरोगा ने एक-दूसरे की शिकायत एसपी से कर दी। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो एसपी अभिषेक झा ने इस पूरे प्रकरण की जांच सीओ कैराना बिजेंद्र भड़ाना को सौंपी है।

