- उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता पर किया जायेगा: मण्डलयुक्त
- आयुक्त ने मेरठ में नये औद्योगिक क्षेत्र के लिए गठित कमेटी को शीघ्र औद्योगिक भूमि का चयन करने के दिये निर्देष
मेरठ। आयुक्त मेरठ मण्डल मेरठ की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु की समीक्षा बैठक वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग गुगल मीट ऐप के माध्यम से की गई। एक घंटा 48 मिनट तक चली उक्त बैठक में मण्डल के समस्त जनपदों के उद्यमियों, उद्यमी संगठनों एवं विभिन्न विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। उद्यमियों एवं उद्यमी संगठनों की समस्याओं को आयुक्त/अध्यक्ष द्वारा विस्तार से सुना गया एवं उसके त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभाग को निर्देश दिये गये। आयुक्त ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता पर किया जायेगा।
आयुक्त अनीता सी. मेश्राम ने जनपद मेरठ में औद्योगिक क्षेत्र हेतु भूमि का चयन कर उपयुक्त प्रस्ताव नियमानुसार तैयार कर शासन को भेजे जाने हेतु अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मेरठ, सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण, क्षेत्रीय प्रबन्धक उ0प्र0 राज्य औ0वि0नि0 एवं अद्यौगिक संगठनों के प्रतिनिधि की एक समिति जो पूर्व में अध्यक्ष महोदया द्वारा गठित की गई थी, को जनपद मेरठ में औद्योगिक भूमि का चयन शीघ्र अतिशीघ्र कर प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के लिए निर्देशित किया। शासन स्तर से भी मेरठ में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की सहमति दी जा चुकी है।
क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसआईडीसी सतीश कुमार ने बताया कि मेरठ में गेजा रोड पर विभाग द्वारा चिन्हित की गयी 250 एकड भूमि पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव शासन द्वारा बनाया गया है, जिस पर जिलाधिकारी मेरठ की सहमति के उपरान्त आगे की कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि जिला उद्योग बंधु की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जायेगा।
बैठक में लघु उद्योग भारती द्वारा दिल्ली मेरठ रोड पर परतापुर से मैट्रो प्लाजा तक मोहकमपुर फेस-2 आदि समीपवर्ती औद्योगिक क्षेत्रों को विद्युत आपूर्ति एक फीडर से की जाती है तथा परतापुर से उपरोक्त फीडर से सप्लाई आती है।
माधवपुरम, रामलीला ग्राउण्ड व घंटाघर की आपूर्ति में कोई भी व्यवधान होने पर मरम्मत हेतु विद्युत आपूर्ति विद्युत विभाग को बंद करनी पडती है जिस कारण औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। उन्होने मांग की कि औद्योगिक क्षेत्र का अलग फीडर बनाया जाये। इस पर मुख्य अभियंता विद्युत विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि उन्हें फीडर हेतु बजट प्राप्त हो गया है जिस पर कार्य चल रहा है। आयुक्त ने मुख्य अभियंता विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि उक्त कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाये।
मेरठ खद्दर एवं टैक्सटाईल वीवर्स कल्सटर द्वारा लोहिया नगर पॉकेट 1 में बुनकर उद्योग हेतु आवंटित भूखंडो पर विकास कार्य व आवंटियो को कब्जा हस्तानान्तरण की मांग पर आयुक्त ने एमडीए के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह उक्त प्रकरण पर गंभीरतापूर्वक अग्रेत्तर कार्यवाही करें। आईआईए बडौत द्वारा अवगत कराया गया है कि बडौत में औद्योगिक क्षेत्र में 150 इकाईयां स्थापित है परन्तु वहां औद्योगिक क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। इस पर आयुक्त ने नियमानुसार मास्टर प्लॉन में सम्मिलित किये जाने हेतु उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण बागपत को निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर आयुक्त उद्योग उदयी राम, उपायुक्त उद्योग वी0के0 कौशल सहित मण्डल के समस्त जनपदों के उद्यमियों, उद्यमी संगठनों एवं विभिन्न विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

