Asia Cup IND vs PAK : एशिया कप 2023 का आगाज हो चुका है। भारतीय टीम शनिवार 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले मैच से अभियान की शुरुआत करेगी। इससे पहले टीम इंडिया मैनेजमेंट के सामने टीम कॉम्बिनेशन चुनने की चुनौती है। नंबर चार पर श्रेयस अय्यर की वापसी तय मानी जा रही है। लेकिन केएल राहुल के चोटिल होने से नंबर पांच पर ईशान किशन का अब तय माना जा रहा है। वह विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। टीम इंडिया तीन पेस बॉलर्स और दो स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरेगी।
चौथे पेसर के रूप में खेलना हार्दिक का तय
हार्दिक पांड्या चौथे पेसर की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में सवाल है कि पाकिस्तान के खिलाफ वह तीन तेज गेंदबाज कौन हैं? लाइन अप में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर हैं। इनमें से बुमराह और सिराज का पाक के खिलाफ मैदान में उतरना तय माना जा रहा है। जबकि तीसरे पेसर के लिए प्रसिद्ध, शमी और शार्दुल के बीच जंग है। हालांकि, आंकड़ों के लिहाज से देखें तो प्रसिद्ध का दावा मजबूत है।
अगर बुमराह, सिराज और प्रसिद्ध साथ खेलते हैं। तो यह तिकड़ी टीम इंडिया का सबसे घातक पेसस अटैक बनेगा। तीनों का 50 ओवर क्रिकेट में अलग-अलग फेज में दमदार रिकॉर्ड है और वह पाकिस्तान की टीम पर कहर बनकर टूटने को तैयार हैं। सिराज का नई गेंद से, प्रसिद्ध के मिडिल ओवर्स में और बुमराह का डेथ ओवर्स में बालिंग का शानदार रिकॉर्ड है।
चोट से वापसी करेंगे बुमराह और प्रसिद्ध
जसप्रीत बुमराह हाल ही में चोट से उबर कर टीम इंडिया में वापस लौटे हैं। आयरलैंड दौरे पर टी20 सीरीज में उनकी गेंदबाजी देखकर नहीं लगा कि वह चोटिल थे। उसी लाइन लेंथ और स्पीड के साथ बुमराह गेंदबाजी करते दिखाई दिए। बुमराह ने एक साल से कोई वनडे नहीं खेला है। यही हाल प्रसिद्ध के साथ है। प्रसिद्ध बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर से वापस लौटे हैं। वो भी पिछले एक साल से कोई वनडे नहीं खेला है।
शुरुआती, मिडिल और डेथ ओवर्स में बुमराह का रिकॉर्ड
ओवर्स के अलग-अलग फेज में बुमराह का रिकॉर्ड देखें तो वनडे में एक से 10 ओवर्स के बीच उन्होंने 34 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 30.2 का और इकॉनमी रेट चार का है। वहीं, 11 से 40 ओवर के बीच बुमराह ने 28 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 34.8 और इकॉनमी रेट 4.4 का रहा है। डेथ ओवर्स यानी 41 से 50 ओवर्स के बीच बुमराह ने 15.9 के शानदार औसत से 59 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 5.9 रहा है। यानी पाकिस्तान के खिलाफ बुमराह डेथ ओवर्स में टीम इंडिया के घातक हथियार होंगे।
सिराज का शुरुआती, मिडिल और डेथ ओवर्स में रिकॉर्ड
मोहम्मद सिराज की बात करें तो सिराज ने वनडे में एक से 10 ओवर्स के बीच 26 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 17.2 रहा है। उनका इकॉनमी रेट 4.3 का है। 11 से 40 ओवर्स के बीच सिराज ने 23.2 की औसत से 12 विकेट लिए हैं। इसमें इकॉनमी रेट 4.8 रहा है। डेथ ओवर्स में सिराज ने 33.4 के औसत से पांच विकेट लिए। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 6.7 रहा है। ऐसे में वह पाकिस्तान के खिलाफ नई गेंद से कहर बरपा सकते हैं।
प्रसिद्ध का शुरुआती, मिडिल और डेथ ओवर्स में रिकॉर्ड
प्रसिद्ध कृष्णा का रिकॉर्ड देखें तो वनडे में एक से 10 ओवर के बीच उन्होंने 78.5 के औसत से दो विकेट लिए। इस दौरान प्रसिद्ध कृष्णा का इकॉनमी रेट 5.8 का रहा है। 11 से 40 ओवर्स के बीच मिडिल ओवर्स में प्रसिद्ध कृष्णा ने 22.3 के औसत से 16 विकेट लिए। इस दौरान प्रसिद्ध कृष्णा का इकॉनमी रेट 5.1 का रहा है। डेथ ओवर्स में प्रसिद्ध कृष्णा ने सात विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 12 रहा है। साथ इकॉनमी रेट 5.3 का रहा। प्रसिद्ध कृष्णा को अगर मौका मिलता है तो वह मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स के साथ मिलकर विकेट निकालने में सक्षम हैं।
