नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीमों के बीच खेले जाने वाले पहले ऐतिहासिक टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल मैच को शुरू होने में अब बस 2 दिन का ही समय बाकी रह गया है, जिसका दुनिया भर के फैन्स को बेसब्री से इंतजार है। टेस्ट क्रिकेट के 144 सालों के इतिहास में पहली बार आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप का आयोजन करा रहा है जिसका फाइनल मैच 18 जून से 22 जून के बीच साउथैम्पटन के मैदान पर खेला जाना है। इस ऐतिहासिक फाइनल मैच को लेकर दोनों टीमों ने मंगलवार को अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है जिसके बाद दोनों टीमों की प्लेइंग 11 की भविष्यवाणी करना पहले से आसान हो गया है, हालांकि फैन्स अब भी भारतीय टीम की प्लेइंग 11 देखने को बेताब नजर आ रहे हैं। 15 सदस्यीय टीम के ऐलान से पहले भारतीय फैन्स को उम्मीद थी कि इस मैच में टीम मैनेजमेंट अगर 4 तेज गेंदबाजों के साथ जाने के बारे में सोचता है तो वो शार्दुल ठाकुर को उनकी ऑलराउंड काबिलियत के चलते जरूर शामिल करेगा हालांकि टीम के ऐलान के बाद इस खिलाड़ी का फाइनल मैच में न खेलना साफ हो गया है।
शार्दुल ठाकुर के पास स्विंग कराने की काबिलियत है और बल्लेबाजी में भी वो काफी अहम रन बना सकते हैं, ऐसे में वह भारतीय टीम के लिये काफी असरदार साबित हो सकते थे। इस बीच भारतीय टीम के गेंदबाजी अटैक को लेकर काफी चर्चा देखने को मिल रही है, खेल जगत के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर इस पर अपनी राय देते नजर आ रहे हैं, हालांकि कोई भी इसके पीछे सही तर्क दे पाने में नाकाम नजर आ रहा है। लेकिन हम आपको इस ऐतिहासिक फाइनल मैच से पहले वो जानकारी देने वाले हैं जिससे साफ हो जायेगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की प्लेइंग 11 और गेंदबाजी अटैक क्या होने वाला है।
टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच की तैयारी करने के लिये भारतीय टीम ने हाल ही में इंट्रा स्क्वॉड मैच खेलने का काम किया था, जिसमें भारतीय टीम के लिये ईशांत शर्मा (36 रन देकर 3 विकेट) और मोहम्मद सिराज (2 विकेट) ने अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। कई दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में ईशांत शर्मा और मोहम्मद सिराज में से किसी एक गेंदबाज को चुना जा सकता है, लेकिन संभावनाओं की मानें तो प्लेइंग 11 से जो गेंदबाज बाहर हो सकता है वो ईशांत शर्मा नहीं बल्कि मोहम्मद शमी होंगे।
दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में चोटिल होकर बाहर होने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का हालिया प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। शमी ने आईपीएल में वापसी करने का काम किया लेकिन कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। वहीं पर इंट्रा स्क्वॉड मैच के दौरान भी उनके खाते में दोनों पारियों में सिर्फ 1-1 ही विकेट आया। ऐसे में उनकी गेंदबाजी में उतना पैनापन नजर नहीं आ रहा है।
वहीं पर ईशांत शर्मा की बात करें तो उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी को मजबूत किया है। इनके अलावा मोहम्मद सिराज ने भी शानदार गेंदबाजी की है। सिराज ने इस सीजन आईपीएल के दौरान न सिर्फ शानदार गेंदबाजी की बल्कि रन लुटाने में भी काफी कंजूस नजर आये। वहीं इंट्रॉ स्क्वॉड मैच के दौरान भी उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। इसके अलावा इंग्लैंड दौरे पर रवाना होने से पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली टीम के हेड कोच रवि शास्त्री से सिराज को खिलाने पर ज्यादा विश्वास जताते नजर आये हैं। ऐसे में सिराज का खेलना तय नजर आ रहा है।

