Site icon Buziness Bytes Hindi

राजिंदर गोयल के निधन से शोक में भारतीय क्रिकेट


राजिंदर गोयल के निधन से शोक में भारतीय क्रिकेट

नई दिल्ली।भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और बीसीसीआइ के अध्यक्ष सौरव गांगुली सहित भारतीय क्रिकेट समुदाय ने अपने समय में घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी रहे राजिंदर गोयल को श्रद्धांजलि दी है. गोयल का रविवार को निधन हो गया. वह 77 साल के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे. कोहली ने ट्वीट में लिखा, राजिंदर गोयल जी के रूप में हमने एक दिग्गज खो दिया है. रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने का उनका रिकॉर्ड उनके करियर के महत्व को बताता है. हम उनके परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हैं.

रणजी में 600 से ज्यादा विकेट्स
सचिन ने ट्विटर पर गोयल की तस्वीर साझा करते हुए कहा, राजिंदर गोयल जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं. वह भारतीय घरेलू क्रिकेट के दिग्गज थे, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में 600 से अधिक विकेट लिए. गांगुली ने लिखा, भारतीय क्रिकेट समुदाय ने घरेलू क्रिकेट की हस्ती को गंवा दिया. उनके शानदार रिकॉर्ड इसके गवाह हैं कि वह अपनी कला में कितने माहिर थे. मैं उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी उन्हेंं अपनी कला में माहिर क्रिकेटर बताया.

Exit mobile version