Site icon Buziness Bytes Hindi

ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों का बल्ला फिर रूठा

australia

टीम इंडिया के टॉप बल्लेबाज़ों की एक और नाकामी। ब्रिस्बेन की जिस पिच पर मेज़बान टीम ने 445 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने जहाँ शतक जड़ दिए, उसी पिच पर टीम के चार टॉप बल्लेबाज़ जिसमें विराट कोहली भी शामिल हैं मात्र 51 के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके हैं. सवाल ये उठता है कि क्या भारतीय बल्लेबाज खेलना भूल गए हैं? पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शुरुआत करने वाले बल्लेबाज़ों को एडिलेड और ब्रिसबेन में क्या हो गया है।

पर्थ में पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराकर रोहित सेना ने शानदार शुरुआत की थी लेकिन एडिलेड में दूसरे टेस्ट में उसे 10 विकेट से हार का शर्मनाक सामना करना पड़ा और अब ब्रिसबेन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में स्थिति बेहद खराब है। ऑस्ट्रेलिया 445 रनों के जवाब में भारतीय धुरंधर 51 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहे हैं। टीम इंडिया अभी भी 394 रन पीछे है। विराट कोहली, आर पंत, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल विफल रहे।

भारतीय बल्लेबाज मुश्किल परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर पाए, जिसके कारण मेहमान टीम तीसरे क्रिकेट टेस्ट के बारिश से प्रभावित तीसरे दिन सोमवार को यहां पहली पारी में 51 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में है। लगातार बारिश की रुकावटों के बीच खेल कई बार रुका और फिर शुरू हुआ। जसप्रीत बुमराह ने 76 रन देकर छह विकेट लिए लेकिन ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 445 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। सात विकेट पर 405 रन से आगे खेल रही ऑस्ट्रेलिया ने 40 रन और जोड़कर अपने बचे हुए तीन विकेट गंवा दिए। एलेक्स कैरी ने 88 गेंदों पर 70 रनों की पारी खेली।

वह आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे जबकि कल ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने विपरीत अंदाज में शतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया के बड़े स्कोर की नींव रखी थी। स्टंप्स के समय भारत के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल 33 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि दूसरे छोर पर कप्तान रोहित शर्मा उनका साथ दे रहे हैं जिन्होंने अभी खाता नहीं खोला है।

Exit mobile version