Site icon Buziness Bytes Hindi

मेहुल को लेने भारत ने डोमिनिका भेजा निजी विमान


मेहुल को लेने भारत ने डोमिनिका भेजा निजी विमान

नई दिल्ली: बैंक से कर्ज धोखाधड़ी के मामले में वांछित भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर कोशिशें तेज हो गई हैं। भारत ने प्रत्यर्पण के दस्तावेज के साथ एक निजी विमान को डोमिनिका भेजा है। इस बात की पुष्टि एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गेस्टन ब्राउन ने अपने देश में एक रेडियो शो में की है।

चोकसी के प्रत्यर्पण की अटकलें
भारतीय प्राधिकारों ने इस बारे में हालांकि आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। ‘एंटीगुआ न्यूज रूम’ के अनुसार कतर एयरवेज का एक निजी विमान डोमिनिका में डगलस-चार्ल्स हवाई अड्डे पर उतरा जिसके बाद चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर अटकलें लगने लगी हैं। एंटीगुआ और बारबुडा से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए चोकसी को पड़ोस के डोमिनिका में पकड़ा गया।

डोमिनिका पहुंचा विमान
ब्राउन ने रेडियो शो में बताया कि चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर विमान भारत से आया है। कतर की एक्जीक्यूटिव उड़ान ए7सीईई के सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस विमान ने 28 मई को तड़के तीन बजकर 44 मिनट पर दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरी और उसी दिन स्थानीय समयानुसार दिन में एक बजकर 16 मिनट पर डोमिनिका पहुंचा।

Read also: भारत दूसरे देशों की सोच और उनके दबाव में नहीं, मन की बात में प्रधानमंत्री

चौकसी ने लगाया अगवा करने का आरोप
वहीं मेहुल चोकसी ने आरोप लगाया है कि एंटीगुआ और भारतीय की तरह दिखने वाले पुलिसकर्मियों ने उसे एंटीगुआ और बारबुडा में जॉली बंदरगाह से अगवा किया और उसे डोमिनिका ले गए। डोमिनिका से चोकसी की एक तस्वीर सामने आयी है जिसमें उसकी आंखे सूजी हुई थीं और उसके हाथ पर खरोंच के निशान थे।

Exit mobile version