Site icon Buziness Bytes Hindi

भारत-पाक मैच और खाली स्टेडियम!

Asia Cup 2023 indvspak

अमित बिश्‍नोई

कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम पर आज दुनिया का आठवां अजूबा देखने को मिला, आँखों को यकीन नहीं आ रहा था कि ऐसा भी हो सकता है. भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जा रहा हो और पूरा स्टेडियम लगभग खाली नज़र आये. ऐसा तो कम से कम मैंने अपने जीवन में तो नहीं देखा। बेशक मैच न भारत में खेला जा रहा था और न ही पाकिस्तान में लेकिन ये दोनों टीमें तो दशकों से एक दूसरे के देश में नहीं खेलती है। दोनों ही टीमों का टकराव सिर्फ ICC द्वारा आयोजित टूर्नामेंट्स में या फिर एशिया कप में ही होता है, दोनों ही टीमें किसी तीसरे देश में ही आपस मुकाबला करती है लेकिन दुनिया के किसी भी देश में इन दोनों चिर प्रतिद्वंदियों के बीच मुकाबला हो स्टेडियम हमेशा खचाखच भरा रहता है, फिर ऐसा क्या हुआ कि एशिया कप के सुपर 4 में आज भारत- पाकिस्तान के मैच से क्रिकेट फैंस ने मुंह मोड़ लिया।

इसके लिए अगर कोई एक वजह तलाशी जाय तो सिर्फ यही कहा जा सकता है कि “मौसम” की वजह से क्रिकेट फैंस ने इस मैच से दूरी बनाई। देखा जाय तो पूरा एशिया कप कुप्रबंधन की सबसे बड़ी मिसाल कहा जाएगा। पूरे टूर्नामेंट के शेड्यूल को इंद्रदेवता के भरोसे पर छोड़ दिया गया. मान लिया गया कि आज के वैज्ञानिक युग में भी वेदर फोरकास्ट पर यकीन नहीं किया जा सकता। कई बार हुआ भी, वेदर फोरकास्ट गलत साबित हुआ, कोलंबो में परसों भी बारिश की बात थी, नहीं हुई, कल भी 70 प्रतिशत बारिश का अनुमान था मगर मामूली छींटे ही पड़े और श्रीलंका-बांग्लादेश के बीच पूरा मैच खेला गया मगर आज तो 90 प्रतिशत बारिश का अनुमान था जिसने भारत-पाक मैच पर 80 प्रतिशत तो असर डाला ही और मैच को कल के टाल दिया गया. इंद्रदेव की कृपा रही तो कल यहीं से मैच आगे खेला जाएगा और अगर नहीं हुई तो एक-एक अंक तो मिल ही जायेगा।

अब आप ही बताइये कि हालात जब ऐसे हों तो हज़ारों रूपये का टिकट लेकर मैच देखने कौन जायेगा। माना कि इंडिया-पाकिस्तान मैच का लोगों को हमेशा इंतज़ार रहता। मगर वो इंतज़ार मैच देखने का होता है, वो जोश दोनों की टक्कर देखने का होता है, लेकिन जब मैच पर ही काले बादल मंडराते तो हों, मैच होगा या नहीं, बारिश की तलवार मैच पर लटक रही हो तो फिर कौन मैदान पर जायेगा। टूर्नामेंट के आयोजकों को भले ही न पता हो मगर भारत-क्रिकेट फैंस को ज़रूर पता था कि कोलंबो का मौसम इन दिनों कैसा है. यही वजह है कि दोनों देशों के क्रिकेट फैंस ने एशिया कप में दिलचस्पी नहीं दिखाई और घर बैठकर टीवी पर मैच को देखना ज़्यादा बेहतर समझा।

आयोजकों ने एशिया कप को वर्षा कप में बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अभी आगे के मैचों में और फाइनल में क्या होगा ये सबसे बेहतर इंद्रदेवता ही बता सकते हैं।एशियन क्रिकेट काउंसिल ने तो तय कर लिया कि मैच होना हों तो हों, हम अपने फैसलों से टस से मस नहीं होंगे। मैच तो कोलंबो में ही खेले जायेंगे। दर्शकों ने भी कहा कि अब आप ही खेलिए और आप ही देखिये, हम तो अपना पैसा और समय बर्बाद करने वाले नहीं। यकीन मानिये अगर इस कुप्रबंधन की वजह कहीं कोई ऐसी सिचुएशन न बन जाय जिसकी वजह से बिना खेले भारत को बाहर होना पड़े तो आगे इस एशिया कप और एशियन क्रिकेट काउंसिल जिसके मुखिया संयोग से BCCI के सेक्रेटरी जय शाह हैं की ज़बरदस्त छीछालेदर होगी। हम तो यही दुआ मांगेंगे कि ऐसा न हो और मैच खेलकर टीम इंडिया फ़ाइनल में पहुंचे और फाइनल जीते।

थोड़ी सी बात आज खेले गए मैच पर तो आज सिर्फ 24.1 ओवर का खेल हो सका और भारत ने रोहित और शुभमन के विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए. अब कल क्या होता है ये तो कल ही पता चलेगा लेकिन आज रोहित और शुभमन ने पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों की हवा टाइट कर दी. 2 सितम्बर के मैच के बाद पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ों का जो हव्वा खड़ा किया गया था इन दोनों भारतीय बल्लेबाज़ों ने उसकी हवा निकाल दी और पहले विकेट के लिए 121 रन जड़ दिए, वो भी 16.4 में. ख़ास बात ये रही कि दोनों ही बल्लेबाज़ों ने शाहीन आफरीदी की जमकर धुनाई की और ये दिखा दिया कि भारतीय बल्लेबाज़ों को कभी कम मत आंकना।

Exit mobile version