Site icon Buziness Bytes Hindi

पर्थ में बनाई भारत ने पकड़, यशस्वी-राहुल ने बदला माहौल

perth

पर्थ टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया जिस तरह पहली पारी में सिर्फ 150 रनों पर आउट हो गयी और फिर ऑस्ट्रेलिया भी अपनी पहली पारी में आज दुसरे दिन के पहले सेशन में सिर्फ 104 रनों पर ढेर हो गयी उससे यही लग रहा था कि भारतीय बल्लेबाज़ों का दूसरी पारी में पर्थ की विकेट पर टिकना और भी मुश्किल होगा लेकिन के एल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने तो कमाल ही कर दिया। पहली दो परियों में जहा एक भी पचासा नहीं लगा वही दूसरी पारी में भारतीय सलामी बल्लेबाज़ों ने ऐसी बल्लेबाज़ी की कि जिससे लगा ही नहीं कि इसी पिच पर कल से आजतक सिर्फ 254 रनों पर 20 विकेट गिर चुके हैं.

यशस्वी और राहुल ने संयम और आक्रमण का ज़बरदस्त परिचय देते हुए एक मुश्किल विकेट पर पहले मुश्किल समय को अच्छी तरह से निकाला और फिर उसके बाद रनों की रफ़्तार बढ़ाई। दोनों ही सलामी बल्लेबाज़ों ने नाबाद 172 रनों की साझेदारी निभाकर टीम की लीड को 208 रनों तक पहुंचा दिया और टीम इंडिया को एक बेहद मज़बूत स्थिति में भी ला खड़ा किया। यशस्वी, राहुल से ज़्यादा आक्रमक रहे और दुसरे दिन के खेल की समाप्ति पर वो 90 रनों पर नाबाद थे वहीँ के एल राहुल ने अपने अनुभव का परिचय देते हुए एक सिरे को अच्छी तरह से थामे रख. केएल राहुल 62 रनों पर not out लौटे।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 104 रनों पर समाप्त हो गयी. ये स्कोर भी अंतिम जोड़ी मिचेल स्टार्क और हेज़लवुड की वजह से संभव हुआ. दोनों ने दसवें विकेट के लिए 25 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक रन मिचेल स्टार्क (26) ने बनाये। वहीँ भारतीय कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया में आज अपने आज दूसरा टेस्ट पंजा खोला। टेस्ट मैच में डेब्यू करने वाले हर्षित राणा ने तीन विकेट हासिल कर अपने टेस्ट कैरियर की एक अच्छी शुरुआत की. दो विकेट सिराज ने हासिल किये. ऑस्ट्रेलिया के लिए इस मैच में वापसी अब काफी मुश्किल लगती है. ऑस्ट्रेलिया का चार टेस्ट मैचों का ये दौरा WTC फाइनल में प्रवेश को पक्का करने के लिहाज़ से टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूर्ण है.

Exit mobile version