Site icon Buziness Bytes Hindi

दूसरा सुपर ओवर जीत भारत ने अफ़ग़ानिस्तान का सूपड़ा किया साफ़

rinku singh

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में भारत ने जीतकर 3-0 से श्रंखला अपने नाम कर ली. बुधवार को बेंगलुरु में खेला गया मैच पहले काफी रोमांचक अंदाज में टाई हुआ. इसके बाद सुपर ओवर भी टाई हुआ. फिर दूसरे सुपर ओवर में जाकर भारतीय टीम को रवि बिश्नोई ने जीत दिला दी. अफ़ग़ानिस्तान को मैच जीतने के लिए दूसरे सुपर ओवर में 12 रनों की ज़रुरत थी लेकिन रवि बिश्नोई ने सिर्फ तीन गेंदों में अफ़ग़ानिस्तान का काम तमाम कर दिया।

रवि बिश्नोई ने पहली गेंद पर ही मोहम्मद नबी को कैच आउट कराया और फिर तीसरी गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर मैच भारत की झोली में डाल दिया। दुसरे सुपर ओवर में भारत ने पहली तीन गेंदों पर 11 रन ठोंक दिए थे लेकिन चौथी गेंद पर रिंकू सिंह आउट हो गए और अगली ही गेंद पर रोहित शर्मा रन आउट हो गए.

इससे पहले मैच में भारत की शुरुआत बहुत खराब हुई थी. भारत के पहले चार विकेट 22 रनों पर गिर गए थे, फिर उसके बाद रोहित शर्मा और रिंकू सिंह के बीच 190 रनों की नाबाद साझेदारी हुई जिसमें रोहित शर्मा का पांचवां टी 20 शतक और रिंकू सिंह का पचासा सामने आया. रोहित शर्मा ने नाबाद 121 रनों की पारी खेली जिसमें 8 छक्के और 11 चौके शामिल थे, वहीँ रिंकू सिंह ने नाबाद 69 रनों की पारी खेली जिसमें 6 छक्के और दो चौके शामिल रहे.

अफ़ग़ानिस्तान ने भी इतने बड़े लक्ष्य का ज़ोरदार ढंग से पीछा करना शुरू किया। पहले विकेट के लिए गुरबाज और इबराहीम जादरान ने 11 ओवरों में 93 रनों की साझेदारी कर एक अच्छा प्लेटफॉर्म दिया, इसके बाद गुलबुद्दीन नायब एकबार फिर अफ़ग़ानिस्तान के सुपर हीरो साबित हुए और 23 गेंदों में नाबाद 55 रन जड़कर मैच को टाई करने में अहम् भूमिका निभाई। अफ़ग़ानिस्तान को अंतिम ओवर में मैच जीतने के लिए 19 रनों की ज़रुरत थी लेकिन 18 रन ही बन सके.

Exit mobile version