Site icon Buziness Bytes Hindi

IND vs SL WC 2023: श्रीलंका 55 रन पर ढेर, भारत ने 302 रन से जीता मैच; सेमीफाइनल में बनाई जगह

t0201 11

India vs Sri Lanka WC Match 2023: विश्व कप 2023 के 33वें मुकाबले में आज भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने लगातार सातवां मैच जीता है। इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली भारत पहली टीम बन गई है। आज मुंबई के वानखेडा स्टेडियम में हुए मैच में श्रीलंका से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 357 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 55 रन पर ढेर हो गई।

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 302 रनों से जीत दर्ज की

आईसीसी विश्व कप में आज हुए मैच में भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया। इस विश्व कप में टीम इंडिया अभी तक अजेय है। आईसीसी विश्व कप 2023 में भारत ने लगातार सातवां मैच जीतकर 14 अंक हासिल कर लिए हैं। इन 14 अंकों के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी है। श्रीलंका के खिलाफ भारत ने एकतरफा जीत हासिल की है। इससे पहले एशिया कप सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 50 रन पर आउट कर आसान जीत हासिल की थी।

श्रीलंकाई टीम सिर्फ 55 रन बनाकर आउट हो गई

आज के इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 357 रन बनाए। भारतीय टीम की तरफ से शुभमन गिल ने सबसे अधिक 92 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यर ने 82 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने पांच विकेट लिए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 55 रन बनाकर आउट हो गई।

सबसे अधिक 14 रन कसून रजिता ने बनाए

श्रीलंका की टीम में सबसे अधिक 14 रन कसून रजिता ने बनाए। उनके अलावा महीश तीक्ष्णा और एंजेलो मैथ्यूज ने 12-12 रन बनाए। श्रीलंका के पांच बल्लेबाज जीरो के स्कोर पर आउट हुए है। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन और जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया है।

श्रीलंका के नौ विकेट 49 रन पर गिरे

श्रीलंका का नौवां विकेट 49 रन के स्कोर पर गिरा है। कसून रजिता 17 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। शमी ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों स्लिप में कैच कराया। इस मैच में यह शमी की पांचवीं सफलता रही। इस विश्व कप के तीन मुकाबलों में मोहम्मद शमी अब तक 14 विकेट ले चुके हैं। मोहम्मद शमी भारत के लिए विश्व कप में कुल 45 विकेट ले चुके हैं। वह विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं।

Exit mobile version