IND vs PAK : महामुकाबले का स्टेज तैयार

आर्टिकल/इंटरव्यूIND vs PAK : महामुकाबले का स्टेज तैयार

Date:

अमित बिश्‍नोई

तो जनाब विश्व कप आने वाला है, बस कुछ दिनों का और इंतज़ार है लेकिन विश्व कप से पहले इन दिनों पाकिस्तान और श्रीलंका में एक मिनी विश्व कप खेला जा रहा है, जी हाँ मैं एशिया कप की बात कर रहा हूँ जो तमाम विवादों के बाद अंततः धरातल पर आ ही गया. दो मैच खेले जा चुके हैं, पाकिस्तान ने नेपाल को और श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर जीत से शुरुआत कर दी है लेकिन हम बात उस मैच की करने जा रहे हैं जिसका इंतज़ार सिर्फ भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस को ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस को, आयोजकों को, स्पोंसर्स को रहता है और वो मैच कल खेला जाने वाला है. पल्लीकल में 2 सितम्बर को ये दोनों चिर प्रतिद्वंदी एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। मैंने मिनी विश्व कप की बात इसीलिए कही कि जिस टूर्नामेंट में ये दोनों टीमें आपस में भिड़ें वो किसी विश्व कप मुकाबले से कम नहीं होता।

टूर्नामेंट के आयोजक चाहे ACC हो या ICC, इन दोनों टीमों का कम से कम एक मुकाबला तो ज़रूर करवाते हैं और इस एशिया कप में तो इन दोनों के बीच दो मैच कन्फर्म हैं और मौका लगा तो एक और मैच, मतलब दोनों टीमें फाइनल में पहुंची तो एक ही टूर्नामेंट में तीन मैच, क्रिकेट के दीवानों को और क्या चाहिए। चलिए आगे बढ़ते हैं और कल होने वाले मैच की बात करते हैं. तो सबसे पहली बात यह आती है कि क्या ये मैच पूरा खेला जायेगा। ये सवाल कैंडी और पल्लीकल के मौसम को देखते हुए उठाया जा रहा है. कैंडी और पाल्लेकल में दूरी उतनी है जैसे दिल्ली और गुरुग्राम. कैंडी में कल काफी बारिश हुई वहीँ पल्लीकल में मैच से एक दिन पहले लुकाछुपी का खेल चल रहा है, घने बादल भी हैं, बारिश भी रुक रुक हो रही है और फिर धुप भी निकल रही है. वैसे कल के वेदर फोरकास्ट की बात करें तो मैच शुरू होने से कुछ पहले और फिर रात 11 बजे बारिश आने की सम्भावना है, यानि मैच तो होगा, कितना होगा और कैसे होगा यह एक बड़ा सवाल रहेगा। क्योंकि इस तरह के जब मैच होते हैं तो टॉस की अहमियत बहुत बढ़ जाती है. टीम मैनेजमेंट के लिए निर्णय लेना काफी मुश्किल हो जाता है. कहीं न कहीं इस बात का डर हमेशा लगा रहता है कि DLS सारी योजना बिगाड़ न दे. बहरहाल हम मानकर चलते हैं क्रिकेट फैंस को पूरा मैच देखने को मिलेगा।

एशिया कप की बात करें तो टीम इंडिया पाकिस्तान पर काफी भारी पड़ती आ रही है, उसने अब तक सात बार इस टाइटल को अपने नाम किया है और पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार. लेकिन जब हम हेड तो हेड मैचों की बात करते हैं तो एशिया कप में दोनों टीमों के बीच ODI फॉर्मेट में 13 मैच खेले गए हैं जिनमें भारत ने सात और पाकिस्तान ने 5 मैचों में कामयाबी हासिल की है, इस लिहाज़ से पाकिस्तान और भारत के बीच ज़्यादा बड़ा अंतर नहीं है, विशेषकर अगर पिछले कुछ सालों की बात करें तो पाकिस्तान को भारत पर कई कामयाबियां मिली हैं. पाकिस्तान ने जहाँ अपना आखरी एशिया कप 2012 में बांग्लादेश को हराकर जीता वहीँ भारत ने 2018 में बांग्लादेश को ही हराकर खिताबी कामयाबी हासिल की।

कल होने मैच के लिए अंतिम 11 खिलाडियों की अगर बात करें तो पाकिस्तान की टीम में वहीँ 11 खेलेंगे जो नेपाल के खिलाफ खेले थे. वहां किसी बदलाव की कोई गुंजाईश नहीं दिख रही है. बात अगर टीम इंडिया की करें तो विकेट कीपर के रूप में ईशान किशन का खेलना पक्का लग रहा है, क्योंकि के एल राहुल पहले दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं , सवाल सिर्फ ये है कि ईशान किशन किस पोजीशन पर खेलेंगे। क्या उन्हें कप्तान रोहित के साथ ओपनिंग बल्लेबाज़ के तौर पर उतारा जा सकता है, या फिर वो मिडिल में ही खेलेंगे। यहाँ हम बात करेंगे पाकिस्तानी पेस अटैक विशेषकर शाहीन आफरीदी की जो अपने पहले दो ओवरों में काफी खतरनाक रहते हैं। शाहीन रोहित शर्मा को खासकर अपनी अंदर आती गेंदों से बहुत परेशान किया है, शुभमन भी शुरू में इन स्विंगिंग डिलीवरी पर काफी असहज रहते हैं. तो ऐसे में एक बांये हाथ के बल्लेबाज़ को शाहीन के सामने रखा जाय तो नतीजे अच्छे हो सकते हैं, गिल फिर नंबर तीन और विराट को नंबर चार पर आना होगा। नंबर चार की पोजीशन पर अभी भी टीम इंडिया को समस्या है, श्रेयस अय्यर टीम में ज़रूर है लेकिन KLR की तरह वो भी शुरूआती मैचों में बाहर ही रहेंगे। ऐसे में विराट के ऊपर ज़िम्मेदारी काफी ज़्यादा होगी जो कोई नई बात नहीं। श्रीलंका की पिचों पर हालिया मैचों की अगर बात करें तो सभी टीमों को शुरुआत में परेशानी हुई है, ऐसे टीम के कुछ बल्लेबाज़ों को धैर्य के साथ बल्लेबाज़ी करनी पड़ती है. आप पहले मैच की बात करें तो पाकिस्तान की शुरुआत में हालत अच्छी नहीं थी लेकिन फिर बाबर और रिज़वान ने समझदारी से बल्लेबाज़ी की और फिर बाद में चीज़ें आसान हो गयीं। कल के मैच में श्रीलंका भी शुरू में लड़खड़ा गयी थी लेकिन समरविक्रमा और असलंका ने विकेट पर टिककर टीम को जिता दिया। यही आगे के मैचों में भी होने वाला है।

इसके बाद सूर्यकुमार, हार्दिक और रविंद्र जडेजा का टीम में सिलेक्शन पक्का है. सवाल गेंदबाज़ी को लेकर है, रोहित शर्मा दो स्पिनर और तीन पेसर के साथ जाएंगे या फिर तीन स्पिनर और दो पेसर के साथ. तीन स्पिनर का मतलब बुमराह और सिराज क्योंकि रोहित शर्मा शामी पर सिराज को प्राथमिकता देते हुए रहे हैं. तीन स्पिनर में जडेजा और कुलदीप के साथ अक्षर का इन्क्ल्यूज़न, जिससे बल्लेबाज़ी में गहराई बढ़ जाएगी। इसका फैसला कल के मौसम पर काफी डिपेंड करेगा। मौसम को देखकर ही रोहित शर्मा बॉलिंग कॉम्बिनेशन डिसाइड करेंगे। बारिश की सम्भावना अगर सेकंड हाफ में ज़्यादा होगी तो फिर रोहित टॉस जीतकर बाद में बल्लेबाज़ी के लिए जाना ज़्यादा पसंद करेंगे और बल्लेबाज़ी को गहरा करना भी क्योंकि उनके सामने हमेशा DLS का चार्ट घूमता रहेगा। बहरहाल हम सभी उम्मीद करते हैं कि कल बिना किसी व्यवधान के मैच हो और दोनों टीमों को अपना पूरा दम दिखाने का मौका मिले।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

ममता बनर्जी का बीजेपी पर हमला, बोलीं- मैं तब तक लड़ती रहूंगी, जब तक आपका अंत नहीं देख लूं

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC)...

एम्‍वे इंडिया ने प्रीमियम स्किनकेयर पोर्टफोलियो का किया विस्तार

न्‍यूट्रीलाइट स बॉटैनिकल्स की खूबियों से भरपूर आर्टिस्‍ट्री स्किन...

कर्नाटक में जज की कुर्सी पर ‘काला जादू’ करने का आरोप, 65 साल की महिला गिरफ्तार

कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर से एक हैरान करने वाला मामला...